Edited By Punjab Kesari,Updated: 14 Oct, 2017 05:46 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान आज अचानक नवनिर्मित बिहार संग्रहालय देखने पहुंचे और उसकी खूब सराहना की।
पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान आज अचानक नवनिर्मित बिहार संग्रहालय देखने पहुंचे और उसकी खूब सराहना की। मोदी ने हवाई अड्डा पर उनका स्वागत करने आए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष नवनिर्मित बिहार संग्रहालय देखने की इच्छा जताई। कुमार ने बताया कि मोदी ने उनसे पूछा कि पटना में जो नया म्यूजियम बना है उसे क्या वह देख सकते हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने जवाब दिया, क्यों नहीं। प्रधानमंत्री पटना विश्वविद्यालय शताब्दी समारोह में शिरकत करने के बाद नवनिर्मित बिहार संग्रहालय देखने पहुंचे।
मोदी ने संग्रहालय की एक छत के नीचे बिहार की समृद्ध विरासत को निहारा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वहां रखे एक-एक चीज की जानकारी खुद उन्हें दी। मोदी ने इसके बाद विजिटर बुक पर लिखा, श्रद्धा दर्शन को प्रेरित करती है। जिज्ञासा प्रदर्शन को प्रेरित करती है। इतिहास, संस्कृति की महान विरासत को एक्सपीरियेंस करने का उत्तम स्थल है। अभिनंदन। प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री के अलावा राज्यपाल सत्यपाल मलिक, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान , राज्य के मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह और पुलिस महानिदेशक पी.के.ठाकुर भी थे।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट बिहार संग्रहालय कई मायनों में अनूठा और आकर्षक है। करीब पांच सौ करोड़ रुपए की लागत से बने इस संग्रहालय में बिहार की समृद्ध विरासत की झलक देखने को मिलती है। इस संग्रहालय में एक ओर बिहार में मिली हजारों साल पुरानी कलाकृतियां देखने को मिलेंगी, तो दूसरी ओर भारतीय इतिहास से संबंधित कई ऐसी जानकारियां है, जो लोगों को आकर्षित करती है। संग्रहालय में रखा सम्राट चंद्रगुप्त का सिंहासन लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र है।