एक केक ले आओ, पापा… ICU में मनाया बेटी ने आखिरी जन्मदिन, मरने से पहले बोली- मैं रोते हुए नहीं जाना चाहती

Edited By Updated: 11 Sep, 2025 08:12 AM

pihu jalore rajasthan brave girl cancer last birthday cacke papa cake le ana

राजस्थान के जालोर जिले की रहने वाली प्रियंका सिंह उर्फ पीहू अब हमारे बीच नहीं रहीं। महज़ 27 साल की उम्र में, जिंदगी से जूझती इस बहादुर लड़की ने 2 सितंबर को अपनी अंतिम सांस ली। लेकिन सबसे खास बात यह रही कि प्रियंका ने अपने आखिरी पलों को भी मुस्कुराकर...

नई दिल्ली:  राजस्थान के जालोर जिले की रहने वाली प्रियंका सिंह उर्फ पीहू अब हमारे बीच नहीं रहीं। महज़ 27 साल की उम्र में, जिंदगी से जूझती इस बहादुर लड़की ने 2 सितंबर को अपनी अंतिम सांस ली। लेकिन सबसे खास बात यह रही कि प्रियंका ने अपने आखिरी पलों को भी मुस्कुराकर जिया। गंभीर बीमारी से जूझने के बावजूद, उसने अपनी जिंदादिली और हिम्मत से सबका दिल छू लिया।

जिंदगी से लड़ती रही, पर मुस्कान नहीं छोड़ी

प्रियंका को एक दुर्लभ और गंभीर हड्डियों के कैंसर Ewing Sarcoma का पता फरवरी 2023 में चला। शुरुआत में केवल पैरों में दर्द था, लेकिन धीरे-धीरे यह तकलीफ गंभीर होती चली गई। MRI रिपोर्ट से बीमारी का खुलासा हुआ और इलाज की लंबी प्रक्रिया शुरू हुई। मुंबई से लेकर उदयपुर तक तीन सर्जरी हुईं, लेकिन बीमारी फैलती गई। डॉक्टरों ने साफ कह दिया कि अब प्रियंका के पास ज्यादा समय नहीं है। लेकिन उसने हार मानने की बजाय हर लम्हे को खुलकर जीने का फैसला किया।

ICU में मनाया आखिरी जन्मदिन

प्रियंका को इस बात का एहसास हो गया था कि समय बहुत कम बचा है। 25 अगस्त को, जब रिश्तेदार और परिवार वाले अस्पताल में थे, तब उसने अचानक अपने पिता से कहा – "पापा, एक केक ले आइए… मैं अपना जन्मदिन मनाना चाहती हूं।" उस वक्त वह ICU में थी, मशीनों से जुड़ी हुई, लेकिन मन से उतनी ही मजबूत। ICU के भीतर ही छोटा-सा जश्न मनाया गया। प्रियंका ने केक काटा, मुस्कुराते हुए सबको खिलाया और कहा – "मैं चाहती हूं कि जब मैं जाऊं, तो कोई रोए नहीं। मैं हंसते हुए विदा लेना चाहती हूं।" अस्पताल का माहौल भावुक हो गया। स्टाफ की आंखों में आंसू थे, ससुराल वाले ICU की गैलरी में जाकर रो पड़े। लेकिन प्रियंका सभी को दिलासा देती रही। उसके चेहरे पर वही मुस्कान थी, जो हमेशा सबका हौसला बढ़ाती थी।

आखिरी लम्हों में भी सोच थी दूसरों की

2 सितंबर की दोपहर प्रियंका की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। अपने भाई से कहा – "तूने खाना नहीं खाया, जाकर खा ले… मैं यहीं हूं।" लेकिन कुछ ही देर बाद, प्रियंका ने शांत और मुस्कुराते हुए इस दुनिया को अलविदा कह दिया। डॉक्टरों ने बताया कि उन्होंने कई कैंसर मरीजों को देखा है, लेकिन प्रियंका जैसी जिंदादिल इंसान बहुत कम होते हैं। उसने तकलीफों को कभी चेहरे पर नहीं आने दिया।

पढ़ाई में होनहार, सबकी दुलारी

प्रियंका अपने चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थीं और परिवार की सबसे लाडली थीं। उन्होंने BBA किया था और चार्टर्ड अकाउंटेंसी की पढ़ाई कर रही थीं, लेकिन फाइनल एग्जाम नहीं दे सकीं। जनवरी 2023 में उनकी शादी रानीवाड़ा के भाटवास गांव निवासी लक्ष्यराज सिंह से हुई थी, जो पेशे से बिल्डर हैं।

पिता की आंखों में बसती है बेटी की याद

प्रियंका के पिता नरपत सिंह, जो पेशे से ज्वेलरी व्यापारी हैं, कहते हैं – “जब भी उसे याद करता हूं, उसकी मासूम हँसी और नन्हें हाथ आंखों के सामने आ जाते हैं। वो हर बात मनवा लेती थी… अब लगता है जैसे वो आसपास ही है, लेकिन दिखाई नहीं देती।”

एक सीख छोड़ गई पीहू

प्रियंका की कहानी सिर्फ एक बीमारी से लड़ने की नहीं है, बल्कि हर उस इंसान के लिए एक संदेश है जो मुश्किल हालातों से गुजर रहा है – "मुस्कुराते हुए जीना सीखो, क्योंकि जिंदगी कब तक साथ देगी, ये कोई नहीं जानता।"

Related Story

    IPL
    Royal Challengers Bengaluru

    190/9

    20.0

    Punjab Kings

    184/7

    20.0

    Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

    RR 9.50
    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!