Edited By Pardeep,Updated: 06 Jun, 2026 03:05 AM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने गुजरात दौरे के दौरान सूरत में विकास की नई इबारत लिखी। उन्होंने सड़क, बिजली और औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
नेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने गुजरात दौरे के दौरान सूरत में विकास की नई इबारत लिखी। उन्होंने सड़क, बिजली और औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने जहां सूरत के भविष्य के लिए जल प्रबंधन की योजनाओं पर जोर दिया, वहीं विपक्षी दल कांग्रेस पर भी जोरदार प्रहार किया।
प्रकृति और प्रगति का मंत्र: 'इकोनॉमी भी और इकोलॉजी भी'
पीएम मोदी ने कहा कि आज का भारत 'प्रकृति के साथ प्रगति' के मंत्र पर आगे बढ़ रहा है, जिसमें अर्थव्यवस्था और पर्यावरण दोनों का संतुलन है। उन्होंने सूरत की 'सर्कुलर वाटर इकोनॉमी' की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले दशकों तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 'तापी बैराज प्रोजेक्ट' को मंजूरी दी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से सूरत के विकास को नई गति मिलेगी।
वैश्विक चुनौतियों के बीच मजबूत होता भारत
दुनिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्व इस समय अभूतपूर्व चुनौतियों और आपदाओं के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने COVID-19, वैश्विक युद्धों और ऊर्जा संकट का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे पूरी दुनिया में पेट्रोल की कीमतों में उतार-चढ़ाव हो रहा है और गैस सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है। पीएम ने गर्व के साथ कहा कि 140 करोड़ भारतीयों के साझा प्रयास से देश इन सभी संकटों का मजबूती से सामना कर रहा है।
कांग्रेस पर हमला: 'अराजकता की राजनीति को जनता ने नकारा'
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर 'निराशावादी' होने और भारत को नीचा दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों से कांग्रेस देश में अराजकता और अनिश्चितता फैलाकर अवसर तलाश रही है, लेकिन जनता ने उसे बार-बार मुंहतोड़ जवाब दिया है।
प्रधानमंत्री ने विभिन्न राज्यों के उदाहरण देते हुए कहा:
- हिमाचल प्रदेश: कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद स्थानीय निकाय चुनावों में उसे हार का सामना करना पड़ा क्योंकि जनता कुशासन से तंग आ चुकी है।
- हरियाणा और पंजाब: हरियाणा में भी कांग्रेस को निकाय चुनावों में हार मिली, जबकि पंजाब की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अराजकता की राजनीति अब नहीं चलेगी।
- कर्नाटक: वहां की जनता में भारी असंतोष है, जिसके कारण कांग्रेस को अपना मुख्यमंत्री तक बदलना पड़ा।
पीएम मोदी ने अंत में कहा कि देश की जनता भाजपा के विकास कार्यों पर भरोसा करती है, यही कारण है कि बंगाल, असम और पुडुचेरी जैसे राज्यों में पार्टी को भारी जनादेश मिला है।