PM मोदी ने पंजाब को विकास, आस्था और आधुनिक कनेक्टिविटी का नया युग दिया : तरुण चुग

Edited By Updated: 17 Jul, 2026 07:58 PM

pm modi has given punjab a new era of development faith and modern connectivit

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा के जींद और सोनीपत के बीच भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ को विकसित भारत की यात्रा का ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। चुग ने कहा कि...

नेशनल  डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा के जींद और सोनीपत के बीच भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ को विकसित भारत की यात्रा का ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। चुग ने कहा कि पूर्णतः स्वदेशी हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित यह ट्रेन आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की जीवंत जीत है। उन्होंने कहा कि 3,200 हॉर्सपावर के साथ दुनिया की सबसे शक्तिशाली, 10 कोचों के साथ सबसे लंबी और 2,600 यात्रियों की क्षमता के साथ सबसे अधिक यात्री क्षमता वाली यह ट्रेन केवल जल वाष्प उत्सर्जित करती है, जो पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा के प्रति मोदी सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। आज पूरा विश्व भारत की इस रेल क्रांति को देख रहा है।

चुग ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन के साथ-साथ प्रधानमंत्री जी ने लगभग Rs. 15,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर देश को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से दिल्ली से कटरा तक का सफर अब 14 घंटे की बजाय मात्र 6 घंटे में पूरा होगा।  चुग ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे  माता वैष्णो देवी और सच्चखंड  हरिमंदिर साहिब तक हाई-स्पीड कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जो आस्था और विकास का अभूतपूर्व संगम है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में ही आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक अवसंरचना एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।

चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने पंजाब को Rs. 5,500 करोड़ की रेल एवं सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की ऐतिहासिक सौगात दी है। उन्होंने कहा कि दौलतपुर चौक-करतोली नई रेल लाइन का उद्घाटन पंजाब की कनेक्टिविटी का नया अध्याय है, जबकि अमृतसर (छेहरटा)-वाराणसी एक्सप्रेस गुरु नगरी को काशी से जोड़ते हुए संत रविदास जी महाराज की पावन परंपरा को समर्पित है।  चुग ने कहा कि जालंधर कैंट और मुक्तसर समेत देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत स्टेशन तथा 25.24 किलोमीटर लंबे 6 लेन दक्षिणी लुधियाना बाईपास से पंजाब के उद्योग, किसान और व्यापारी को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजनाएं पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देंगी।

चुग ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में पंजाब के विकास और कल्याण के लिए Rs. 4.13 लाख करोड़ से अधिक की केंद्रीय सहायता प्रदान कर सिद्ध कर दिया है कि पंजाब का विकास केंद्र की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में Rs. 43,527 करोड़ के नेशनल हाईवे और Rs. 34,488 करोड़ का रेल आधुनिकीकरण किया गया है।  चुग ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत पंजाब के 11 लाख से अधिक किसानों को सीधे Rs. 6,552 करोड़ का लाभ मिला है, MSP खरीद हेतु Rs. 2.60 लाख करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है, और जल जीवन मिशन के अंतर्गत 17 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को घरों में नल से शुद्ध जल उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि एम्स बठिंडा और 565 से अधिक जन औषधि केंद्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी सोच के प्रतीक हैं।

चुग ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि एक ओर केंद्र सरकार पंजाब पर विकास की वर्षा कर रही है, वहीं दूसरी ओर भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार केवल झूठे विज्ञापनों और आत्मप्रचार में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि आप सरकार में न कानून व्यवस्था संभली, न नशे के कारोबार पर लगाम लगी और न ही जनता से किए गए किसी वादे को पूरा किया गया। चुग ने कहा कि पंजाब की जनता अब आम आदमी पार्टी के झूठ और धोखे को भली-भांति समझ चुकी है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका पूरा हिसाब लेगी।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!