Edited By Ramkesh,Updated: 28 Apr, 2026 06:36 PM

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को 6350 करोड़ रुपये से ज़्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 163 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 1050 करोड़...
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को 6350 करोड़ रुपये से ज़्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 163 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने 1050 करोड़ रुपये से अधिक की पूरी हो चुकी 48 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं और लगभग 5300 करोड़ रुपये की 112 परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी दिखाई झंडी
पवित्र नगरी अयोध्या को वाणिज्यिक महानगर मुंबई को जोड़ने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन मंगलवार शाम अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में आयोजित सभा से आभासी माध्यम से जैसे ही इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और ट्रेन सिटी बजाते हुए मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए रवाना हुई, वैसे ही अयोध्या रेलवे स्टेशन जय श्रीराम के नारों गूंज उठा। इस मौके पर अयोध्या धाम जंक्शन भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
उत्तर प्रदेश में चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या हुई चार
इस दौरान स्थानीय निवासी इस ट्रेन के शुरू होने से काफी खुश नजर आए। उनका कहना था कि इस ट्रेन के शुरू होने से रोजी-रोटी की तलाश में मुंबई जाने वाले गरीब तबके के लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि अभी तक मुंबई जाने के लिए लोगों को काफी पैसा और समय बर्बाद होता था और इस ट्रेन के शुरू होने से दोनों की बचत होगी। मोदी ने आज बनारस से हड़पसर ( पुणे ) और अयोध्या से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक चलने वाली दो नयी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या चार हो गयी है। प्रधानमंत्री ने 30 दिसंबर 2023 को अयोध्या धाम जंक्शन से प्रदेश में चलने वाली पहली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
मुख्य आधारभूत परियोजनाओं में वाराणसी-आजमगढ़ सड़क का चौड़ीकरण पूरा होना, कज्जाकपुरा और कादीपुर में महत्वपूर्ण रेल ओवर ब्रिज का खुलना, और भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता वाला जल शोधन संयंत्र शामिल हैं। जिन 112 परियोजनाओं की आधारशिला प्रधानमंत्री ने रखी, उनमें अमृत 2.0 के तहत 13 सीवरेज और जलापूर्ति योजनाएं, शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला अस्पताल में 500 बिस्तरों वाला मल्टी-सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और भोजूबीर तथा सिगरा में मार्केट कॉम्प्लेक्स और ऑफिस स्पेस का निर्माण शामिल है।
अन्य परियोजनाओं में तालाबों का नवीनीकरण और जीर्णोद्धार, 198 बिस्तरों वाले अस्पताल का पुनर्विकास, 100 बिस्तरों वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण, और अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट और नमो घाट सहित प्रमुख घाटों पर पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल है। प्रधानमंत्री ने वाराणसी के रामनगर में एकीकृत मंडलीय कार्यालय, नगर निगम कार्यालय भवन, और एक सरकारी बाल आश्रय गृह तथा किशोर न्याय बोर्ड की आधारशिला रखी। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि उन्होंने बनास डेयरी से जुड़े उत्तर प्रदेश के दूध आपूर्तिकर्ताओं को बोनस के रूप में 105 करोड़ रुपये से ज़्यादा की राशि भी हस्तांतरित की। मोदी ने वाराणसी जंक्शन-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तीसरी और चौथी रेलवे लाइन परियोजना की भी आधारशिला रखी, जिसमें गंगा नदी पर एक रेल-सह-सड़क पुल का निर्माण भी शामिल है।