Edited By Pardeep,Updated: 25 Jun, 2026 07:44 AM

वेनेजुएला में बुधवार शाम को आए दो शक्तिशाली और विनाशकारी भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है।
इंटरनेशनल डेस्कः वेनेजुएला में बुधवार शाम को आए दो शक्तिशाली और विनाशकारी भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। राजधानी काराकास में कई इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं, जिससे पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल है।

7.5 की तीव्रता से कांपी धरती
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, पहला झटका 7.1 तीव्रता का था, जिसका केंद्र कैरिबियाई तट पर स्थित मोरोन समुदाय से 168 किलोमीटर पश्चिम में था। इसके ठीक एक मिनट बाद, 7.5 तीव्रता का दूसरा और भी अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। ये झटके पिछले 100 वर्षों में वेनेजुएला में आए सबसे भीषण भूकंपों में से एक हैं।
मलबे में तब्दील हुईं इमारतें, सुनामी का अलर्ट जारी
भूकंप के कारण काराकास के अल्तामिरा जैसे इलाकों में दीवारें गिरने से घरों के अंदर का सामान सड़कों से साफ देखा जा सकता था। शहर के कई हिस्सों में धूल के गुबार उठते देखे गए। समुद्र में उठती ऊंची लहरों के खतरे को देखते हुए वर्जिन आइलैंड्स और डोमिनिकन रिपब्लिक के लिए सुनामी अलर्ट भी जारी किया गया है।
सरकार ने बचाव कार्य किया तेज
आंतरिक मंत्री डियोस्डाडो कैबेलो ने स्थिति को "चिंताजनक" बताते हुए कहा कि बचाव और सहायता कार्यों के लिए प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) के डर से घरों से बाहर ही रहें और एम्बुलेंस व आपातकालीन वाहनों को रास्ता दें।
प्रत्यक्षदर्शियों की आपबीती
काराकास के एक निवासी रॉबर्टो डमास ने बताया, "इमारत इतनी जोर से हिल रही थी कि हमें इधर-उधर पटक रही थी। हमारे अपार्टमेंट का सारा सामान गिर गया, लेकिन भगवान का शुक्र है कि हम सुरक्षित बाहर निकल आए"। प्रशासन अभी नुकसान और हताहतों का सही आंकड़ा जुटाने में लगा है।