Edited By Sarita Thapa,Updated: 20 Nov, 2026 05:39 PM

केरलम के मंत्री सी पी जॉन ने शुक्रवार को शबरिमला तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर परिवहन सुविधाओं की घोषणा की। इसके तहत दो हवाई अड्डों से पंबा तक सीधी वातानुकूलित बस सेवा और तीर्थयात्रियों के स्थानीय क्षेत्रों से चार्टर्ड बस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एक...
तिरुवनंतपुरम : केरलम के मंत्री सी पी जॉन ने शुक्रवार को शबरिमला तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर परिवहन सुविधाओं की घोषणा की। इसके तहत दो हवाई अड्डों से पंबा तक सीधी वातानुकूलित बस सेवा और तीर्थयात्रियों के स्थानीय क्षेत्रों से चार्टर्ड बस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एक बयान के अनुसार, जॉन ने बृहस्पतिवार रात तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पंबा के लिए केरलम राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की पहली वातानुकूलित बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बस सेवाओं को हरी झंडी दिखाने से पहले, उन्होंने चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद से उड़ानों के जरिए आने वाले बच्चों सहित अन्य श्रद्धालुओं का फूल और भगवान अयप्पा की तस्वीरें भेंट कर स्वागत किया।
तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे से इसका किराया 340 रुपये और कोच्चि के नेदुम्बसेरी हवाई अड्डे से 380 रुपये है। राज्य के परिवहन मंत्री ने कहा कि मांग के आधार पर अतिरिक्त सेवाएं शुरू की जाएंगी। तिरुवनंतपुरम से बस रात 9:30 बजे पंबा के लिए रवाना होगी और शाम सात बजे तक हवाई अड्डे पर वापस लौटेगी।नेदुम्बसेरी से बस रात 8:30 बजे प्रस्थान करेगी और शाम सात बजे तक हवाई अड्डे पर वापस पहुंचेगी। दोनों हवाई अड्डों पर विभिन्न उड़ानों से आने वाले श्रद्धालुओं के शबरिमला रवाना होने से पहले विशेष विश्राम सुविधाएं भी स्थापित की गई हैं। केएसआरटीसी ने चार्टर्ड सेवाएं शुरू की हैं, जिससे श्रद्धालु शबरिमला ले जाए जाने वाले पवित्र प्रसाद की पोटली 'इरुमुडिकेट्टू' तैयार करने के बाद बस स्टेशनों तक जाने के बजाय अपने घरों या मंदिरों के पास के स्थानों से ही बस में सवार हो सकेंगे।