समय पर सर्जरी से मिर्गी के मरीजों को दौरों से मिल सकता है छुटकारा, विशेषज्ञों का दावा

Edited By Updated: 18 Nov, 2026 12:39 PM

timely surgery can free young epilepsy patients from seizures say experts

भारत में लगभग 100 में से एक व्यक्ति मिर्गी से प्रभावित है। विशेषज्ञों ने जोर दिया है कि सर्जरी के लिए उपयुक्त मरीजों - खासकर उन युवाओं में, जिनके मस्तिष्क में कोई ऐसी असामान्यता है जिसकी पहचान की जा सकती है - उनकी जल्द पहचान की जानी चाहिए, ताकि...

मुंबई : भारत में लगभग 100 में से एक व्यक्ति मिर्गी से प्रभावित है। विशेषज्ञों ने जोर दिया है कि सर्जरी के लिए उपयुक्त मरीजों - खासकर उन युवाओं में, जिनके मस्तिष्क में कोई ऐसी असामान्यता है जिसकी पहचान की जा सकती है - उनकी जल्द पहचान की जानी चाहिए, ताकि उन्हें दौरों से पूरी तरह मुक्ति मिल सके। मिर्गी के साथ जी रहे लोगों के लिए बार-बार आने वाले दौरे उनके आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, पेशेवर जीवन और रिश्तों पर बुरा असर डाल सकते हैं। 

विशेषज्ञों ने बताया कि हालांकि कई मरीजों में दवाओं से दौरों को नियंत्रित किया जा सकता है, लेकिन कुछ लोगों को सालों तक इलाज कराने के बावजूद बार-बार और गंभीर दौरे पड़ते रहते हैं। मुंबई स्थित ग्लेनीगल्स अस्पताल के सीईओ डॉ. बिपिन चेवाले ने कहा कि समय पर सर्जरी (खासकर उन युवाओं के लिए जिनके मस्तिष्क में पहचानी जा सकने वाली कोई असामान्यता है) उन्हें सालों से चले आ रहे दौरों से छुटकारा दिला सकती है, उनकी आत्मनिर्भरता वापस ला सकती है और उन्हें एक बेहतर जीवन जीने का मौका दे सकती है। 

अस्पताल की कंसल्टिंग न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. संगीता रावत ने बताया कि मिर्गी मस्तिष्क से जुड़ी एक ऐसी बीमारी है, जिसमें मस्तिष्क की असामान्य विद्युत गतिविधि (electrical activity) के कारण बार-बार दौरे पड़ते हैं। ये दौरे गंभीर झटकों (convulsions) से लेकर बहुत हल्के भी हो सकते हैं, जिनमें एकटक घूरना, पलकें झपकाना, होंठ चबाना, अजीब सी संवेदनाएं महसूस होना या हाथों को बार-बार एक ही तरह से हिलाना जैसे लक्षण शामिल हो सकते हैं। 

डॉ. रावत ने कहा, 'मिर्गी के इलाज का तरीका इस बात पर निर्भर करता है कि इसके पीछे का मूल कारण क्या है और जांच में क्या सामने आया है। युवा मरीज (जो अपनी जिंदगी के पहले या दूसरे दशक में हैं) जिनके MRI में मस्तिष्क की कोई ऐसी संरचनात्मक असामान्यता (structural abnormality) दिखती है, जिसकी पहचान की जा सकती है, वे जल्द सर्जरी के मूल्यांकन के लिए महत्वपूर्ण उम्मीदवार हो सकते हैं। अगर MRI में कोई घाव (lesion) दिखता है, वीडियो EEG से यह पुष्टि हो जाती है कि दौरे उसी जगह से शुरू हो रहे हैं और न्यूरोसाइकोलॉजिकल जांच से पता चलता है कि मस्तिष्क के उस हिस्से की कार्यक्षमता कम हो गई है, तो सर्जरी पर विचार किया जा सकता है।' 

अस्पताल के कंसल्टिंग न्यूरोसर्जन डॉ. दत्तात्रेय मजूमदार ने कहा कि अगर मिर्गी को नियंत्रित न किया जाए, तो बार-बार आने वाले दौरों के कारण चोट लग सकती है, याददाश्त से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं, ध्यान लगाने में कठिनाई हो सकती है और मानसिक परेशानी (emotional distress) हो सकती है। उन्होंने आगे कहा, 'कुछ मरीजों को गिरने, दुर्घटनाओं और जीवन की गुणवत्ता में गिरावट जैसी जटिलताओं का सामना भी करना पड़ सकता है। समय पर पहचान, सही दवाएं, नियमित न्यूरोलॉजिकल निगरानी और उपयुक्त मरीजों की सर्जरी से इन जटिलताओं को रोका जा सकता है। सर्जरी के बाद फॉलो-अप और रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) बहुत जरूरी हैं, ताकि मरीज पूरी तरह ठीक हो सकें और धीरे-धीरे अपनी रोजमर्रा की गतिविधियों में वापस लौट सकें।' 

डॉ. रावत ने कहा कि लेज़ियोनेक्टॉमी (lesionectomy) और टेम्पोरल लोबेक्टॉमी (temporal lobectomy) जैसी प्रक्रियाएं, सही तरीके से चुने गए मरीजों में अच्छे परिणाम दे सकती हैं। उन्होंने बताया, 'टेम्पोरल लोबेक्टॉमी में दौरे (seizures) को नियंत्रित करने की सफलता दर लगभग 70 से 80 प्रतिशत है जबकि लेजियोनेक्टॉमी के परिणाम मरीज की मूल स्थिति के आधार पर अलग-अलग हो सकते हैं। दवाएं दौरों को नियंत्रित करने में मदद कर सकती हैं, लेकिन सर्जरी से लंबे समय तक दौरों से पूरी तरह छुटकारा मिलने की संभावना हो सकती है।' 

उन्होंने आगे कहा कि इसलिए सही मरीजों की जल्द पहचान करना और बिना किसी अनावश्यक देरी के सर्जरी के लिए उनका मूल्यांकन करना महत्वपूर्ण है। हालांकि अधिक उम्र के मरीजों के मामले में सर्जरी का फैसला हर मरीज की स्थिति के अनुसार अलग-अलग लिया जाता है, जो उनके समग्र स्वास्थ्य और क्लिनिकल स्थिति पर निर्भर करता है। डॉ. शेवाले ने कहा, 'हम समय पर बीमारी का पता लगाने, विशेषज्ञ से जांच कराने और सही न्यूरोलॉजिकल देखभाल मिलने के महत्व पर जोर देते हैं। बेहतर जागरूकता परिवारों को यह समझने के लिए प्रेरित कर सकती है कि वे बार-बार आने वाले दौरों को जीवन भर की मजबूरी मानकर स्वीकार करने के बजाय, चिकित्सा सहायता लें।' 
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!