Edited By Pardeep,Updated: 02 Apr, 2026 02:12 AM

दो दिन पहले बेंगलुरु में एक युवा टेकी कपल की आत्महत्या के मामले में अब नए खुलासे सामने आए हैं। शुरुआती जांच में तनाव और आर्थिक तंगी को इस दर्दनाक घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है।
नेशनल डेस्कः दो दिन पहले बेंगलुरु में एक युवा टेकी कपल की आत्महत्या के मामले में अब नए खुलासे सामने आए हैं। शुरुआती जांच में तनाव और आर्थिक तंगी को इस दर्दनाक घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है।
32 वर्षीय बानू चंद्रा रेड्डी, जो तेलंगाना के रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे, उन्होंने सोमवार को अपने अपार्टमेंट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके कुछ ही समय बाद उनकी पत्नी बीबी शाजिया सिराज, जो IBM में काम करती थीं, बिल्डिंग की 17वीं मंजिल से कूद गईं।
AI की वजह से नौकरी गई, बढ़ता गया तनाव
जांच में सामने आया है कि रेड्डी लगभग एक साल से स्थिर नौकरी पाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने अमेरिका में अपनी नौकरी खो दी थी और उसके बाद से उन्हें लगातार आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सूत्रों के मुताबिक, उनकी नौकरी जाने की वजह AI आधारित बदलाव और जॉब कट्स से जुड़ी थी, जिससे उनकी आय का स्थायी स्रोत खत्म हो गया। लंबे समय तक बेरोजगारी ने उनकी मानसिक स्थिति को और खराब कर दिया।
परिवार का साथ नहीं, बढ़ती गई मुश्किलें
रेड्डी और शाजिया की इंटरफेथ शादी को लेकर परिवार में मतभेद भी थे। बताया जा रहा है कि रेड्डी के पिता, जिनके तेलंगाना में राजनीतिक संबंध हैं, इस रिश्ते के खिलाफ थे। इस वजह से परिवार के साथ उनके संबंध तनावपूर्ण हो गए थे और कपल को भावनात्मक व आर्थिक समर्थन भी नहीं मिल पा रहा था।
सुसाइड नोट में क्या लिखा?
पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें रेड्डी ने इन परिस्थितियों का जिक्र करते हुए अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही उन्होंने अपनी पत्नी को दोष न देने की बात भी लिखी। शाजिया, जो घटना से कुछ समय पहले ही बेंगलुरु लौटी थीं, अपने पति का शव देखने के बाद सदमे में आ गईं और उन्होंने भी आत्महत्या कर ली। फिलहाल पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है।