राजस्थान में तेज आंधी से उखड़े पेड़, गिरा टावर, एक बच्ची समेत 4 लोगों की मौत

Edited By Updated: 07 Jun, 2024 08:19 PM

trees uprooted due to strong storm in rajasthan 4 people including a girl died

राजस्थान में कुछ संभागों में बीते 24 घंटों के दौरान तेज आंधी के कारण हुए विभिन्न हादसों में एक बच्ची और दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए।

नेशनल डेस्कः राजस्थान में कुछ संभागों में बीते 24 घंटों के दौरान तेज आंधी के कारण हुए विभिन्न हादसों में एक बच्ची और दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि राजधानी जयपुर में शुक्रवार दोपहर बाद तेज आंधी के कारण नगर निगम हेरिटेज में लगा 30 फुट ऊंचा पुराना मोबाइल टावर गिर गया, घटना के समय मोबाइल टावर के आसपास कोई मौजूद नहीं था, हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार सीकर में शुक्रवार को धोद थाना क्षेत्र में एक मकान की दीवार ढह गई, जिसमें मनोहर कंवर (57) की मौत हो गई जबकि उनका बेटा जयपाल सिंह (29) घायल हो गया।

पुलिस ने कहा कि झुंझुनूं के खेतड़ी थाना क्षेत्र में गुरूवार रात आंधी के कारण एक पेड़ गिरने से उसके नीचे सो रही काजल (11) की मौत हो गई जबकि उसकी मां सावित्री (45) घायल हो गई। वहीं, नीम का थाना जिले में रात तेज आंधी के कारण पेड़ गिरने से एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी की मौत हो गई जबकि पति घायल हो गया। प्रदेश के कुछ स्थानों में बादल छाये होने के बावजूद अधिकांश हिस्सों में बृहस्पतिवार के मुकाबले शुक्रवार को दिन के तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में शुक्रवार को धौलपुर 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा। विभाग ने बताया कि चित्तोड़गढ में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री, अंता बारां में 43.5 डिग्री, कोटा में 43.4 डिग्री, बाडमेंर-डूंगरपुर में 43.1 डिग्री, अलवर में 43 डिग्री और अन्य स्थानों पर 42.8 डिग्री से लेकर 39.8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। गंगानगर में शुक्रवार को दिन का तापमान सबसे कम 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग के अनुसार बीती रात राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 24.1 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। राज्य के अनेक हिस्सों में बृहस्पतिवार शाम भी तेज आंधी आई थी, जिससे अनेक जगह बिजली के खंभों आदि को नुकसान पहुंचा। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार नए पश्चिमी मौसमी तंत्र का प्रभाव 8-9 जून को भी बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघ गर्जन, आंधी व हल्की बारिश के रूप में जारी रहेगा। वहीं 10 जून से कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने तथा शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!