Edited By Parveen Kumar,Updated: 31 Mar, 2026 10:55 PM

अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला यात्री को सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला के पास से करीब 83.29 लाख रुपये मूल्य का सोना बरामद...
नेशनल डेस्क : अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला यात्री को सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला के पास से करीब 83.29 लाख रुपये मूल्य का सोना बरामद किया गया है।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
कस्टम अधिकारियों को मिली विशेष सूचना और एपीआईएस प्रोफाइलिंग के आधार पर फ्लाइट नंबर AK-91 से कुआलालंपुर से अहमदाबाद पहुंची महिला पर नजर रखी गई। टर्मिनल-2 पर उतरने के बाद जैसे ही वह ग्रीन चैनल से बाहर निकलने लगी, अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ शुरू की। शुरुआती पूछताछ में महिला के जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए, जिसके बाद उसकी गहन जांच की गई।
शरीर में छिपाकर लाया जा रहा था सोना
जांच के दौरान महिला के गुप्तांग से काले टेप में लिपटी दो अंडाकार कैप्सूल बरामद की गईं। इन कैप्सूलों में तरल रासायनिक मिश्रण के रूप में सोने का पेस्ट भरा हुआ था। कुल वजन 643.28 ग्राम पाया गया।विशेषज्ञों की निगरानी में शुद्धिकरण प्रक्रिया के बाद इनसे 999.0 शुद्धता का 553.07 ग्राम (24 कैरेट) सोना निकाला गया।
लाखों की कीमत का सोना जब्त
बरामद सोने का बाजार मूल्य 83,29,234 रुपये और कर मूल्य 75,58,393 रुपये आंका गया है। महिला ने सीमा शुल्क विभाग को बिना सूचित किए और शुल्क से बचने के इरादे से यह सोना छिपाकर लाने की कोशिश की थी।
महिला गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी
कस्टम विभाग ने सोना जब्त कर महिला को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने इस मामले में आगे की जांच तेज कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तस्करी के पीछे कोई अंतरराष्ट्रीय गिरोह सक्रिय है या नहीं।