UP : पुलिस चौकी में लटकी मिली युवक की लाश, दारोगा समेत 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड, खाकी पर हत्या के आरोप

Edited By Updated: 03 May, 2026 04:33 AM

up dead body of a youth found hanging in a police station

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में पुलिस थाने में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक युवक की संदिग्‍ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में पुलिस थाने में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक युवक की संदिग्‍ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार युवक को पूछताछ के लिए चौकी लाया गया था, जहां उसने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में लापरवाही के आरोप में एक चौकी प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। 

मृतक के परिजनों ने हालांकि आरोप लगाया है कि युवक की पुलिस द्वारा बेरहमी से पिटाई की गई, जिसके कारण उसकी मौत हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले को आत्महत्या बताकर उसे दबाने की कोशिश कर रही है और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। 

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज कुमार राय ने बताया कि निरपुड़ा गांव निवासी रोहित (23) को हाल ही में हुई चोरी के मामले में पूछताछ के लिए दोघट थाना क्षेत्र के भदाल चौकी लाया गया था। उन्होंने कहा, "पूछताछ के बाद उसे उसके परिजनों को सौंपा जाना था, जिन्हें भी चौकी पर बुलाया गया था।" 

एसपी ने बताया कि इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर चौकी के अंदर पंखे से कपड़े के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे नीचे उतारकर बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

एसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर चौकी प्रभारी और दो कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर दोघट थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। जिलाधिकारी से चर्चा के बाद मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है और फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य एकत्र कर रही है। एसपी ने कहा, "जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!