दिल्ली कार धमाके पर ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, फडणवीस और अन्य नेताओं ने क्या कहा?

Edited By Updated: 11 Nov, 2025 05:23 AM

what did mamata banerjee arvind kejriwal fadnavis and other leaders say on the

दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार को हुए धमाके की घटना पर देश भर के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस विस्फोट में कम से कम तेरह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। ​​​​​​​

नेशनल डेस्कः दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार को हुए धमाके की घटना पर देश भर के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस विस्फोट में कम से कम तेरह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘नई दिल्ली में हुए धमाके की दुखद घटना के बारे में सुनकर गहरा सदमा लगा है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस घटना में अपने प्रियजन को खोया है और मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।'' कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने कहा कि प्रदेश की राजधानी कोलकाता में हाई अलर्ट जारी किया गया और पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी तथा सभी पुलिस थानों को सतर्क रहने को कहा गया।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने धमाके में हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया और पुलिस तथा सरकार से इस बात की गहन जांच करने की मांग की कि कहीं इसमें कोई बड़ी साजिश तो शामिल नहीं है। आप के राष्ट्रीय संयोजक ने एक बयान में कहा कि धमाके की खबर "बेहद चिंताजनक" है और दिल्ली की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। केजरीवाल ने कहा, "यह बताया जा रहा है कि घटना में कुछ लोगों की जान चली गई है, जो बेहद दुखद है। पुलिस और सरकार को तुरंत जांच करनी चाहिए कि यह धमाका कैसे हुआ और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।" 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने विस्फोट को "दिल दहला देने वाला" बताया। उन्होंने कहा, "इस दुखद घटना पर मैं दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और घायल जल्द स्वस्थ हों।" महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि "कीमती जिंदगियों का जाना पूरी तरह से हृदय विदारक है।" उन्होंने कहा, "हम इस कठिन समय में उन परिवारों के साथ खड़े हैं और इस भयानक त्रासदी में घायल हुए लोगों के लिए अपनी प्रार्थनाएं और शुभकामनाएं भेजते हैं।"

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके पर दुख व्यक्त किया। शर्मा ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘नई दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।''

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने दिल्ली में हुए धमाके की घटना पर दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जताई। स्टालिन ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके से स्तब्ध हूं जिसमें कई निर्दोष लोगों की जान चली गई। मुझे गहरा दुःख हुआ है। घटनास्थल के दृश्य वास्तव में हृदय विदारक हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना, मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ भी हैं जो घायल हुए हैं। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'' दिल्ली में हुए धमाके के बाद तमिलनाडु पुलिस ने सोमवार रात को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, राज्य भर में गश्त बढ़ा दी गई है, वाहनों की जांच तेज कर दी गई है और तलाशी अभियान बढ़ाए गए हैं। लोगों के बड़ी संख्या में जमा होने वाले स्थानों और हवाई अड्डे तथा महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों सहित प्रमुख प्रतिष्ठानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और समग्र सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया गया है।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दिल्ली धमाके पर जनहानि को लेकर दुख व्यक्त करते हुए घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने पुलिस महानिदेशक को राज्य भर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कटक में मनाए जा रहे बाली जात्रा जैसे प्रमुख त्योहारों तथा प्रमुख शहरों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस को पूर्ण अलर्ट पर रहने को कहा है। इसके साथ ही राज्य पुलिस ने पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर सहित सभी प्रमुख धार्मिक और रणनीतिक प्रतिष्ठानों पर हाई अलर्ट घोषित कर सुरक्षा और गश्त बढ़ा दी है।

ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। पटनायक ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘लाल किले के पास हुए धमाके में लोगों की मौत के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन शोकाकुल परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजन को खोया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।''

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके पर दुख व्यक्त किया। सोरेन ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट में लोगों की मौत होने की खबर सुनकर मेरा मन बहुत दुखी है। मरांग बुरु दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'' उन्होंने इस भीषण घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने लाल किले के पास हुए धमाके पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। शिवकुमार ने कहा, ‘‘दिल्ली के लाल किले के पास हुए दुखद धमाके से मैं बेहद स्तब्ध और व्यथित हूं। निर्दोष लोगों की जान जाना हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'' बेंगलुरु पुलिस ने शहर भर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है और सभी उपायुक्तों को सुरक्षा उपाय तेज करने का निर्देश दिया है। पुलिस आयुक्त द्वारा जारी ज्ञापन में सभी थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी लगाने और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की गहन जांच करने का निर्देश दिया गया है।

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और घायलों के लिए प्रार्थना की। उमर अब्दुल्ला के ‘एक्स' हैंडल से किए गए एक पोस्ट में लिखा गया है, ‘‘मुख्यमंत्री ने दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके पर गहरा दुख व्यक्त किया है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई घायल हो गए। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।''

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने भी धमाके में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुफ्ती ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘दिल्ली में हुए दुखद कार धमाके के बारे में सुनकर गहरा सदमा लगा और दुख हुआ, जिसमें आठ अनमोल जानें चली गईं और कई अन्य घायल हो गए।" उन्होंने कहा, ‘‘मेरी संवेदना उन परिवारों के साथ है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है, कोई भी शब्द उनके दर्द को कम नहीं कर सकता। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं और आशा करती हूं कि इसके कारणों का जल्द ही पता चल जाएगा।''

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने विस्फोट में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया और केंद्र से घटना की गहन जांच कराने का आग्रह किया। पूर्व रक्षा मंत्री ने मासूमों की जान जाने को "बेहद दुखद" बताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, "मैं जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को हार्दिक श्रद्धांजलि देता हूं और उनके शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी सच्ची संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की भी प्रार्थना करता हूं।" राज्यसभा सांसद पवार ने लाल किले जैसे संवेदनशील इलाके में हुई इस घटना को "अत्यंत चिंताजनक" बताते हुए विस्तृत जांच की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से इस मामले की विस्तृत जांच के आदेश देने का आग्रह किया और कहा कि जांच के निष्कर्षों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए और केंद्र तथा राज्य सुरक्षा एजेंसियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया: "दिल्ली में धमाके में हुई जनहानि से बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द स्वस्थ हों।" जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि वह लाल किले के पास दिल्ली में हुए दुखद धमाके से "बेहद दुखी" हैं, जिसमें निर्दोष लोगों की जान चली गई और कई घायल हुए। आजाद ने फेसबुक पर पोस्ट किया: "शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैं सभी की सुरक्षा और प्रभावित लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं!"

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 'एक्स' पर पोस्ट किया: "हमें दिल्ली के लाल किले के पास बम धमाके की दुखद खबर मिली है, जिसमें कथित तौर पर कई लोग मारे गए हैं और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। राष्ट्र की राजधानी में हुई इस घटना की उच्च-स्तरीय जांच होनी चाहिए और अपराधियों को कठोरतम संभव सजा दी जानी चाहिए। हम इस त्रासदी में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।"

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने सोमवार को दिल्ली में हुए विस्फोट पर दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने सोमवार को दिल्ली में हुए विस्फोट पर दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

Related Story

IPL
Royal Challengers Bengaluru

190/9

20.0

Punjab Kings

184/7

20.0

Royal Challengers Bengaluru win by 6 runs

RR 9.50
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!