Edited By Sarita Thapa,Updated: 21 Nov, 2026 06:50 PM

क्या आपने कभी किसी खुदरा दुकान में इत्र को कागज के टुकड़े पर छिड़का है और उसकी खुशबू आपको बहुत पसंद आई हो, लेकिन जब आपने उसे अपनी त्वचा पर छिड़का तो उसकी खुशबू वैसी नहीं लगी। ऐसा अक्सर होता है। यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि इत्र के अणु किस तरह...
मेलबर्न : क्या आपने कभी किसी खुदरा दुकान में इत्र को कागज के टुकड़े पर छिड़का है और उसकी खुशबू आपको बहुत पसंद आई हो, लेकिन जब आपने उसे अपनी त्वचा पर छिड़का तो उसकी खुशबू वैसी नहीं लगी। ऐसा अक्सर होता है। यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि इत्र के अणु किस तरह वाष्पित होते हैं और आपकी त्वचा के साथ किस तरह प्रतिक्रिया करते हैं। यही रासायनिक प्रक्रिया यह भी समझाती है कि एक ही इत्र की खुशबू आपको बहुत अच्छी लग सकती है, लेकिन किसी दूसरे व्यक्ति की त्वचा पर उसकी महक बिल्कुल अलग हो सकती है और कभी-कभी उतनी अच्छी भी नहीं लगती। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि हममें से हर किसी की त्वचा की रासायनिक संरचना अलग-अलग होती है। इसके कारण इत्र का असर हर व्यक्ति की त्वचा पर अलग होता है और उसकी खुशबू भी अलग-अलग महसूस होती है। यह समझने के लिए कि ऐसा क्यों और कैसे होता है, सबसे पहले हमें यह जानना होगा कि रासायनिक दृष्टि से इत्र क्या होता है। इत्र में कौन-कौन से पदार्थ होते हैं?
सरल शब्दों में कहें तो इत्र कई तरह के सुगंधित अणुओं का मिश्रण होता है, जिन्हें आमतौर पर अल्कोहल में घोला जाता है। इत्र बनाने वाले विशेषज्ञ इन सामग्रियों को सावधानीपूर्वक मिलाकर तीन तरह की सुगंध तैयार करते हैं, जिन्हें 'टॉप', 'मिडिल' और 'बेस' नोट्स कहा जाता है। 'टॉप नोट्स' में लिमोनीन जैसे सिट्रस यौगिक शामिल होते हैं। ये अत्यधिक वाष्पशील होते हैं, इसलिए जल्दी वाष्पित हो जाते हैं और त्वचा पर लंबे समय तक नहीं टिकते। 'मिडिल नोट्स' में अक्सर फूलों या फलों की खुशबू वाले अणु होते हैं। ये 'टॉप नोट्स' की तुलना में कम वाष्पशील होते हैं और लंबे समय तक टिकते हैं। इसलिए 'टॉप नोट्स' की खुशबू फीकी पड़ने के बाद इनकी महक उभरकर सामने आती है।
'बेस नोट्स' में कस्तूरी, लकड़ी और राल से जुड़े सुगंधित तत्व शामिल होते हैं। इनके अणु सबसे भारी या बड़े होते हैं, इसलिए ये धीरे-धीरे वाष्पित होते हैं और इनकी खुशबू सबसे लंबे समय तक बनी रहती है। जब किसी इत्र को कागज पर छिड़का जाता है, तो उसके सुगंधित अणु अपेक्षाकृत अनुमानित तरीके से वाष्पित होते हैं (यानी तरल से गैस में बदल जाते हैं)। 'टॉप नोट्स' सबसे पहले वाष्पित होते हैं, क्योंकि उनके अणु छोटे होते हैं और उनके बीच अंतराअणुक बल कमजोर होते हैं। इसके विपरीत, 'बेस नोट्स' के अणु बड़े होते हैं और उनके बीच अंतराअणुक बल अधिक मजबूत होते हैं। अणुओं के बारे में यह सारी जानकारी ही इत्र बनाने वाले विशेषज्ञों को ऐसी खुशबुएं तैयार करने में मदद करती है, जिनमें सुगंध के अलग-अलग 'नोट्स' एक निश्चित क्रम में और काफी हद तक अनुमान के मुताबिक उभरते हैं।
त्वचा की रासायनिक संरचना की भूमिका
जहां इत्र जांचने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली कागज की पट्टी एक अपेक्षाकृत तटस्थ सतह होती है, वहीं हमारी त्वचा पर कई तरह के अणु मौजूद होते हैं। ये अणु इत्र के साथ प्रतिक्रिया करते हैं और न केवल उसके सुगंधित अणुओं के निकलने के क्रम को बदल सकते हैं, बल्कि उसकी खुशबू को भी बदल सकते हैं या उसे दबा सकते हैं। इत्र की खुशबू को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारक हैं: - त्वचा में नमी और तैलीयपन
- तापमान
- पीएच स्तर
-माइक्रोबायोम
-त्वचा में नमी और तैलीयपन
त्वचा में नमी की मात्रा प्रमुख कारकों में से एक है। रूखी त्वचा भारी या बड़े सुगंधित अणुओं को आसानी से सोख लेती है, जबकि नम या तैलीय त्वचा सुगंधित अणुओं को अपनी सतह पर बनाये रखने और उन्हें धीरे-धीरे वाष्पित होने का बेहतर अवसर देती है। इत्र की खुशबू का असर हमेशा एक जैसा नहीं होता इन सभी बातों का मतलब है कि जब आप इत्र लगाते हैं, तो वह कागज के टुकड़े जैसी किसी तटस्थ सतह के संपर्क में नहीं आता, बल्कि आपकी त्वचा पर मौजूद विशिष्ट रासायनिक तत्वों के साथ मिल जाता है। एक ही फूलों की खुशबू वाला इत्र किसी व्यक्ति की त्वचा पर ताजा और गुलाब जैसी महक दे सकता है, जबकि दूसरे व्यक्ति की त्वचा पर उसकी खुशबू अलग हो सकती है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि इत्र अलग-अलग लोगों की त्वचा पर मौजूद अलग-अलग अणुओं के साथ मिलकर अलग तरह की खुशबू पैदा करता है। अगर आप चाहते हैं कि इत्र की खुशबू लंबे समय तक बनी रहे, तो उसे छिड़कने से पहले त्वचा पर बिना खुशबू वाला लोशन लगाने से अक्सर मदद मिल सकती है। इससे इत्र धीरे-धीरे वाष्पित होता है।