Edited By Vatika,Updated: 13 Feb, 2026 10:47 AM

दिल्ली के एक कारोबारी से करोड़ों रुपए की फिरौती मांगने वाले कुख्यात (कैटेगरी-बी) गैंगस्टर पंकज राजपूत
लुधियाना, (राज): दिल्ली के एक कारोबारी से करोड़ों रुपए की फिरौती मांगने वाले कुख्यात (कैटेगरी-बी) गैंगस्टर पंकज राजपूत को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लुधियाना के जमालपुर स्थित पुनीत नगर में सर्जिकल स्ट्राइक कर गिरफ्तार कर लिया। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि करीब 16 से अधिक आपराधिक मामलों में नामजद यह खतरनाक अपराधी पिछले पांच दिनों से अपने एक रिश्तेदार के घर में बेखौफ छिपा हुआ था और 72 घंटे से ऑपरेशन प्रहार चलाने वाली लुधियाना पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।

पंकज राजपूत का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद खौफनाक है, उसका गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा जैसे बड़े गैंग से सीधा कॉन्क्शन है और वह लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। वर्ष 2023 में जमानत पर छूटने के बाद वह चकमा देकर अमेरिका फरार हो गया था, लेकिन वहां से लौटकर वह फिर से पंजाब में अपना नेटवर्क सक्रिय करने में जुट गया। राजपूत के खिलाफ लुधियाना के विभिन्न थानों सहित संगरूर, फिरोजपुर और बठिंडा में गंभीर मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं, साल 2019 में जब वह लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद था, तब भी उसके पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ था, जिससे साफ होता है कि सलाखों के पीछे रहकर भी उसका रसूख कम नहीं हुआ था।
सूत्रों का कहना है कि पंकज राजपूत का नाम कई पुराने मामलों में पकड़े गए आरोपियों की पूछताछ में सामने आता रहा है, चाहे वह मुकुल मट्टू से बरामद हुई 1 किलो से ज्यादा हेरोइन हो या जगराओं मुठभेड़ में पकड़ा गया रोशन सिंह, इन सभी के तार पंकज राजपूत से ही जुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि राजपूत का असली नेटवर्क दरेसी मैदान के आस-पास के इलाकों में फैला हुआ है, जहां का एक स्थानीय गैंगस्टर उसके लिए जमीन तैयार करता था। अब दिल्ली पुलिस की पूछताछ में इस अंतरराज्यीय ड्रग और हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई बड़े सफेदपोशों और अन्य गैंगस्टरों के नाम सामने आने की संभावना है