'दुनिया में भारत का डंका, मोदी के नेतृत्व में आर्थिक शक्ति बना देश', CM योगी का बड़ा बयान

Edited By Updated: 25 Oct, 2026 11:10 AM

the nation has become an economic power under modi leadership cm yogi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए रविवार को कहा कि भारत ने वैश्विक पटल पर अपनी आर्थिक शक्ति का नया अध्याय लिखा है।

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए रविवार को कहा कि भारत ने वैश्विक पटल पर अपनी आर्थिक शक्ति का नया अध्याय लिखा है। वाराणसी में भारतीय वायुसेना के 'एयर शो' में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी एवं निर्णायक नेतृत्व में भारत ने वैश्विक पटल पर अपनी आर्थिक शक्ति का नया अध्याय लिखा है।''

उन्होंने कहा, ''आज भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अग्रणी है और आत्मनिर्भरता, नवाचार तथा विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ''राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ 'नए भारत' में लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हुई हैं। नीति-निर्माण के केंद्र में आम जनता है, गरीब कल्याण शासन की प्राथमिकता है, अंत्योदय आत्मनिर्भरता का आधार है और जनभागीदारी विकास को जन-आंदोलन का रूप दे रही है।''

आदित्यनाथ ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, ''आस्था, अस्मिता और आत्मविश्वास से परिपूर्ण नए भारत में सामाजिक न्याय, नारी सशक्तीकरण, डिजिटल नवाचार और आर्थिक समृद्धि की संभावनाएं साकार हो रही हैं। विकास की यह यात्रा जन-आकांक्षाओं को अवसरों में बदलते हुए राष्ट्र की सामर्थ्य को निरंतर विस्तार दे रही है।''

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा, ''आज जब विश्व के अनेक हिस्से हिंसा और अस्थिरता से जूझ रहे हैं, भारत लोकतांत्रिक स्थिरता, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक चेतना के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में संकीर्ण मानसिकता वाली कुछ राजनीतिक ताकतें सत्ता के स्वार्थ में देश को अस्थिरता, अराजकता और अलगाववाद की भट्टी में झोंकने का षड्यंत्र रच रही हैं। वे राष्ट्रीय हितों को ताक पर रखकर वैश्विक मंचों पर भारत की छवि धूमिल करने का निरंतर प्रयास कर रही हैं।''

मुख्यमंत्री ने कहा इन चुनौतियों के बावजूद भारत अपने विकास के लक्ष्य के प्रति अडिग संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, ''इस राष्ट्रीय यात्रा में उत्तर प्रदेश अपनी विशाल कृषि क्षमता, विस्तृत होते औद्योगिक आधार, आधुनिक बुनियादी ढांचे और युवा शक्ति के सामर्थ्य के बल पर कृषि से विनिर्माण तक, निवेश से रोजगार सृजन तक, हर क्षेत्र में प्रगति को गति दे रहा है और 'विकसित भारत' के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।''

आदित्यनाथ ने कहा, ''हमारा संकल्प अटल है- राष्ट्रहित सर्वोपरि, राष्ट्रीय एकता अक्षुण्ण और विकास की गति अविराम। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारत की प्रगति का यह महायज्ञ अनवरत जारी रहेगा।'' मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर एक अन्य पोस्ट में भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो के लिए वाराणसी आ रहे प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया। उन्होंने कहा, ''आज अविनाशी काशी का आकाश भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम से गौरवान्वित होगा। इस गौरवपूर्ण अवसर पर बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।''

उन्होंने कहा, ''भारतीय वायुसेना के 94 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में नमो घाट पर आयोजित 'विंग्स ओवर गंगा' एयर शो में आप दोनों का आत्मीय सानिध्य प्राप्त होगा।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके साथ ही प्रधानमंत्री अरविंद लिमिटेड की नयी परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन कर वस्त्र उद्योग और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नयी गति देंगे।

आदित्यनाथ ने कहा, ''मां गंगा की पावन धरा पर राष्ट्र रक्षा का पराक्रम, औद्योगिक विकास का संकल्प और सनातन संस्कृति का गौरव नए भारत की सामर्थ्यवान यात्रा को नयी ऊंचाई प्रदान करेंगे। हर हर महादेव। जय हिंद।'' नमो घाट पर तीन दिनों तक चलने वाले इस एयर शो में तेजस, राफेल और सुखोई जैसे विमान शामिल हैं। इसके साथ ही, इसमें 'सूर्य किरण' एयरोबैटिक टीम और 'सारंग' हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी हिस्सा ले रही हैं। रविवार को होने वाले इस कार्यक्रम में मोदी के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!