Edited By ,Updated: 28 Jun, 2023 04:34 AM
आज देश में स्थान-स्थान पर विरोध प्रदर्शन के लिए लोग पोस्टर लगाने, पुतले जलाने या तोडफ़ोड़ करने जैसे ‘हिंसक’ तरीके अपना रहे हैं, जिनसे समाज में कटुता पैदा हो रही है।
आज देश में स्थान-स्थान पर विरोध प्रदर्शन के लिए लोग पोस्टर लगाने, पुतले जलाने या तोडफ़ोड़ करने जैसे ‘हिंसक’ तरीके अपना रहे हैं, जिनसे समाज में कटुता पैदा हो रही है। इसके विपरीत हरियाणा में चरखी दादरी नगर परिषद कार्यालय में भ्रष्टाचार तथा वार्डों के विकास में भेदभाव के आरोप लगाते हुए रोष व्यक्त करने के लिए 21 में से 3 भाजपा पार्षदों सहित 12 पार्षदों ने अपने सिर मुंडवा लिए। कुछ पार्षदों ने पारिवारिक कारणों से मुंडन तो नहीं करवाया, परन्तु असंतुष्ट पार्षदों के आरोपों का खुल कर समर्थन किया है।
पार्षदों का आरोप है कि अधिकांश वार्डों में विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगाई गई। हाल ही में नगर परिषद ने 25 लाख रुपए की लागत से कुछ काम करवाए तो हैं, परन्तु वे अधिकांशत: नगर परिषद के प्रधान के समर्थक पार्षदों के वार्ड में ही हुए हैं।
असंतुष्ट पार्षदों के आरोपों की सत्यता का पता तो जांच के बाद ही लग सकता है, परन्तु आपस में लडऩे-झगडऩे और एक-दूसरे को अपशब्द बोलनेे और लिखने की बजाय रोष व्यक्त करने के लिए अपने बाल मुंडवा कर इन्होंने एक अनोखा तरीका अपनाया है, जो आम तौर पर शोक व्यक्त करने का संकेत माना जाता है। गंजे सिर के साथ ये लोग जहां भी जाएंगे, अपने आप देखने वालों का ध्यान इनकी ओर जाएगा और वे समझ जाएंगे कि इसका कारण प्रशासन का इनकी मांगों के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैया है और उन्होंने लोगों के लिए अपने बालों की कुर्बानी दी है।—विजय कुमार