Edited By ,Updated: 20 Nov, 2026 03:53 AM

देश में नकली खाद्य पदार्थों, दवाइयों, करंसी आदि की बातें तो सुनी जाती थीं, पर अब यह बीमारी नकली डाक्टरों तथा अन्य उच्चाधिकारियों आदि तक पहुंच गई है और इसमें महिलाएं भी शामिल पाई जा रही हैं, जिनकी इसी वर्ष के पिछले 6 महीनों की घटनाएं निम्न में दर्ज...
देश में नकली खाद्य पदार्थों, दवाइयों, करंसी आदि की बातें तो सुनी जाती थीं, पर अब यह बीमारी नकली डाक्टरों तथा अन्य उच्चाधिकारियों आदि तक पहुंच गई है और इसमें महिलाएं भी शामिल पाई जा रही हैं, जिनकी इसी वर्ष के पिछले 6 महीनों की घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :
* 18 मई को ‘दमोह’ और ‘जबलपुर’ (मध्य प्रदेश) के सरकारी ‘संजीवनी क्लीनिकों’ में फर्जी एम.बी.बी.एस. डिग्री और जाली रजिस्ट्रेशन के आधार पर नौकरी कर रहे 3 फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया गया।
* 25 अगस्त को ‘हैदराबाद’ (तेलंगाना) में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने 6 झोलाछाप डॉक्टरों को गिरफ्तार किया।
* 18-19 सितम्बर को ‘आजमगढ़’ (उत्तर प्रदेश) में फर्जी डी.एस.पी. बन कर वीडियो फोन काल से लोगों को ठगने वाले बदमाश को पुलिस की वर्दी तथा 2 आई.डी. के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया।
* 14 अक्तूूबर को ‘सूरत’ (गुजरात) के इलाके से ‘स्पैशल आप्रेशन ग्रुप’ (एस.ओ.जी.) और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बिना मैडिकल डिग्री के क्लीनिक चला रहे 16 फर्जी डॉक्टर पकड़े।
* 23 अक्तूबर को ‘राजकोट’ (गुजरात) में पुलिस ने 17 फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया। इनमें से 14 ‘फर्जी डाक्टर’ तो 10वीं कक्षा तक ही पढ़े हुए थे।
* 25 अक्तूबर को ‘कसौली’ (हिमाचल प्रदेश) की पुलिस ने ‘अर्पण कटोच’ (31) नामक एक ‘रिसोर्ट’ के कर्मचारी को भारतीय सेना की फर्जी वर्दी पहन कर खुद को सैन्य अधिकारी बताने के आरोप में गिरफ्तार किया।
* 29 अक्तूबर को ‘सूरत’ के ‘डिंडोली’ में छापेमारी कर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा 9 फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया गया। गुजरात सरकार द्वारा चलाए गए 15 दिनों के विशेष अभियान के अंतर्गत कुल 42 फर्जी डॉक्टरों को गिरफ्तार किया गया।
* 4 नवम्बर को ‘नवादा’ (बिहार) में पुलिस ने 44 मुकद्दमों में वांछित एक ऐसे शातिर को गिरफ्तार किया जो खुद को बड़ा सरकारी अधिकारी बताकर गांवों में किराए की लग्जरी गाड़ी में घूमता और ग्रामीणों को ‘आंगनबाड़ी सुकन्या योजना’ और ‘कन्या विवाह योजना’ आदि का लाभ दिलाने के नाम पर फर्जी फॉर्म भरवा कर उनसे रकम ऐंठता था।
* 15 नवम्बर को ‘दिल्ली’ पुलिस की ‘इंटैलीजैंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक आप्रेशंस’ (आई.एफ.एस.ओ.) टीम ने स्वयं को मुम्बई के आई.पी.एस. अधिकारी बताकर एक महिला को डिजिटल अरैस्ट करके उससे 71 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में भोपाल (मध्य प्रदेश) से 2 महिलाओं सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया।
* 17 नवम्बर को ‘बाणेर’ (महाराष्ट्र) पुलिस ने ‘हितेश प्रमोद कुलकर्णी’ (21) नामक युवक को खुद को ‘भारतीय प्रशासनिक सेवा’ का अधिकारी बताकर एक हाऊसिंग सोसायटी का चेयरमैन बन कर फर्जी हस्ताक्षरों और दस्तावेजों के माध्यम से सोसायटी के बैंक खातों से लगभग 35 लाख रुपए उड़ा लेने के आरोप में गिरफ्तार किया।
* 18 नवम्बर को ‘लखनऊ’ में खुद को ‘एंटी-टैररिज्म स्क्वायड’ के अधिकारी बताने और एक बुजुर्ग दंपति को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने का डर दिखा कर उनसे लगभग 70 लाख रुपए ठगने के आरोप में एक अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
* 18 नवम्बर को ही ‘जयपुर’ (राजस्थान) पुलिस ने विदेश से एम.बी.बी.एस. की डिग्री प्राप्त करने के बाद भारत में ‘अनिवार्य पात्रता परीक्षा’ (एफ.एम.जी.ई.) में फेल होने वाले 5 लोगों को 15 से 30 लाख रुपए देकर फर्जी पासिंग सर्टिफिकेट बनवा कर प्रैक्टिस करने के आरोप में गिरफ्तार किया। इस मामले में ‘राजस्थान मैडिकल काऊंसिल’ (आर.एम.सी.) के तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत का भी खुलासा हुआ। इस पूरे नैटवर्क में अब तक कुल 37 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। उक्त उदाहरणों से स्पष्ट है कि देश में जालसाजी करके लोगों को ठगने की बुराई किस कदर बढ़ रही है। अत: ऐसे समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करने की जरूरत है, ताकि दूसरों को सबक मिले। जनता को भी इस मामले में जागरूक होने की जरूरत है।—विजय कुमार