विवाह को बचाने का कोर्स

Edited By Updated: 24 Nov, 2026 04:19 AM

marriage saving course

दुनिया भर में वैवाहिक संबंध टूट रहे हैं। इसका एक कारण यह बताया जाता है कि अब लड़कियां शिक्षित हैं। बड़ी संख्या में आत्मनिर्भर हैं। अब वे घर और परिवार बचाने के नाम पर कोई भी ज्यादती सहने को तैयार नहीं हैं। युवाओं की देखादेखी अब ऐसे दम्पति भी विवाह...

दुनिया भर में वैवाहिक संबंध टूट रहे हैं। इसका एक कारण यह बताया जाता है कि अब लड़कियां शिक्षित हैं। बड़ी संख्या में आत्मनिर्भर हैं। अब वे घर और परिवार बचाने के नाम पर कोई भी ज्यादती सहने को तैयार नहीं हैं। युवाओं की देखादेखी अब ऐसे दम्पति भी विवाह विच्छेद कर रहे हैं, जो 40-50 साल साथ रह चुके हैं। पहले तो लोग बच्चों के बारे में सोचकर विवाह चला लेते थे कि इनका क्या होगा लेकिन अब इस बारे में भी नहीं सोचते। हालांकि अब भी दुनिया भर के मुकाबले, भारत में विवाह टूटना, तलाक होना बहुत कम है। एक अनुमान के मुताबिक यह 1 से लेकर डेढ़ प्रतिशत तक है। बी.बी.सी. की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 1 करोड़ 36 लाख तलाक हो चुके हैं। भारत की जनसंख्या देखते हुए यह आंकड़ा बहुत कम है। यह भी कहा जाता है कि तलाक के मुकाबले अलग रहने वाले पति-पत्नियों की संख्या लगभग 3 गुना अधिक है। 

आजकल कहते हैं कि कोई संबंध नहीं चल पा रहा, तो उसमें घुट-घुटकर जीने से बेहतर है अलग हो जाना। आम तौर पर यह घुट-घुटकर जीना स्त्रियों के हिस्से अधिक आता है। उन्हें ही तलाक के बाद सोशल स्टिगमा झेलना पड़ता है। हालांकि ये बातें अब धीरे-धीरे कम भी हो रही हैं। लेकिन यह भी सच है कि किसी भी एक संबंध के टूटने पर एक स्त्री और पुरुष ही नहीं, उनके परिवार वालों पर भी बुरी बीतती है। बच्चे हुए तो उनकी मुश्किलों का कहना क्या। छोटे बच्चे तो यह समझ ही नहीं पाते कि उनके माता-पिता अलग क्यों रहते हैं। कई मामलों में ऐसा होता है कि कुछ समय बच्चा मां के साथ रहता है, कुछ समय पिता के साथ। पिछले दिनों एक वीडियो देख रही थी, जहां तलाक के बाद अदालत में मां बच्चे को अपने साथ ले जाना चाहती है लेकिन वह बार-बार पिता की तरफ दौड़ता है। बहुत से संबंधों में कटुता इतनी बढ़ जाती है कि बच्चा किन्हीं मामलों में मां से तो कहीं पिता से मिल ही नहीं पाता। इससे उसके मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है।

फिर यह भी है कि आज मध्यवर्गीय शादियों में जितना ताम-झाम होता है, उसमें बहुत अधिक श्रम और पैसा लगता है। कई बार तो युवा अपनी शादी को सबसे अलग दिखाने के नाम पर भारी-भरकम लोन ले लेते हैं। ऐसे में यदि शादी न चले, तो क्या हो? इन बातों पर हमारे समाज में लगातार मंथन चल रहा है, सोच-विचार हो रहा है कि भारतीय परिवार संस्था को कैसे बचाया जाए, क्योंकि परिवार अब भी बड़ी शक्ति का स्रोत है। एक समूह के रूप में परिवार से बड़ी शक्ति कोई और नहीं है। विवाह भले ही सात जन्मों का बंधन न रहे लेकिन एक जन्म में तो ठीक से निर्वाह हो जाए, इस बारे में विचार-विमर्श चल रहा है। इसीलिए पिछले दिनों एक खबर ने ध्यान खींचा।

गोवा के पणजी में है कालेज आफ होम साइंस। यहां मानव विकास और अध्ययन विभाग है। यह 15 दिन का कोर्स शुरू कर रहा है, जिसका विषय है-मैरिज रैडिनैस, प्रिपेयरिंग फॉर हैल्दी एंड लासिं्टग रिलेशशिप्स। इस बार यह 2 दिसम्बर से शुरू हो रहा है। इसमें बताया जाएगा कि वैवाहिक जीवन की जिम्मेदारियों को कैसे समझा जाए। इस कोर्स के विभिन्न सत्रों में डेटिंग के उद्देश्य और गतिशीलता, आत्म जागृति और अपनेपन की जरूरत, रिश्तों पर पुरुषत्व और स्त्रीत्व का प्रभाव, शादी समारोह और वैवाहिक जीवन के बीच का अंतर आदि। इन सत्रों के विषय देखकर लगता है कि इन्हें आज के माहौल के अनुकूल ही तैयार किया गया है। वे युवा, जो चाहते हैं कि उनका संबंध चले, उसमें स्थायित्व हो, वे जीवन का आनंद ले सकें, एक सुदृढ़ रिश्ते की नींव रख सकें, परिवार के सभी सदस्यों के बीच सामंजस्य हो, उनकी दिलचस्पी इस कोर्स में हो सकती है। यह कोर्स स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए है। 

गोवा में  भी अन्य राज्यों की तरह शादियां टूट रही हैं। इससे वहां समाज के एक बड़े वर्ग में सोच-विचार चल रहा है। पिछले दिनों गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बढ़ते तलाक के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा था कि प्री मैरिज काऊंसङ्क्षलग की बहुत जरूरत है। सम्भव है कि यह कोर्स इस जरूरत को पूरा कर सके। यदि युवाओं ने इस कोर्स में दिलचस्पी दिखाई तो हो सकता है कि देश के अनेक अन्य भागों में भी इस तरह के कोर्स शुरू हो जाएं। यूं भी किसी रिश्ते का टूटना जिन कारणों से होता है, यदि उन्हें पहले ही समझ लिया जाए, तो रिश्तों को आसानी से बचाया जा  सकता है। वैसे भी रिश्ता टूटना किसे पसंद आता है? तोडऩे के मुकाबले, जोडऩे पर अधिक ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए। तमाम वे माध्यम, जिन्हें युवा देखते हैं, मीडिया, सोशल मीडिया आदि पर ऐसी मुहिम चलाई जा सकती है। 
वे लोग, जो रिश्तों को तोडऩे की वकालत हर समय करते हैं, उनसे भी विचार-विमर्श करने की जरूरत है। क्योंकि समाज में नैगेटिविटी को इसके बावजूद ज्यादा जगह मिलती है कि नैगेटिविटी से कभी किसी का फायदा नहीं होता। एक घर की छत में अगर दरार पड़ जाए, तो उसे जल्दी से जल्दी भरना पड़ता है, वर्ना वह बढ़ती ही जाती है।-क्षमा शर्मा

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!