Edited By ,Updated: 24 Nov, 2026 05:19 AM

‘‘क्या लोग देख पा रहे हैं कि हम क्या कर रहे हैं?’’ मंत्री ने अपनी खिड़की से बाहर देखते हुए चिंता से पूछा।‘‘जी नहीं, महोदय,’’ उनके सचिव ने उत्तर दिया, ‘‘आज धुंध बहुत अच्छी है।’’
‘‘क्या लोग देख पा रहे हैं कि हम क्या कर रहे हैं?’’ मंत्री ने अपनी खिड़की से बाहर देखते हुए चिंता से पूछा।‘‘जी नहीं, महोदय,’’ उनके सचिव ने उत्तर दिया, ‘‘आज धुंध बहुत अच्छी है।’’मंत्री जी ने राहत की सांस ली। आखिरकार, एक ऐसी अवसंरचनात्मक उपलब्धि हासिल हुई, जिससे संपूर्ण कवरेज मिल गया। पूरे शहर में इमारतें बन रही थीं, दृश्यता कम हो रही थी, और जवाबदेही मानो कहीं सीमैंट मिक्सर के पीछे गायब हो गई थी। हमें बताया जाता है कि यह सारा निर्माण प्रगति का प्रतीक है।
बेशक, यह है। कल तक आप सामने वाली इमारत देख सकते थे। आज नहीं देख सकते। कल शायद आपको अपनी बालकनी भी देखने में मुश्किल हो। इस तरह के तीव्र परिवर्तन के लिए आमतौर पर किसी जादूगर की आवश्यकता होती है। यहां, इसके लिए केवल निर्माण की अनुमतियां और एक ऐसा प्रशासन चाहिए, जो लुप्त होती क्षितिज रेखा को विकासशील राष्ट्र समझ ले। इस बीच, निर्माण स्थल पर लगे प्रदूषण निगरानी यंत्रों से प्राप्त संदिग्ध रीडिंग ने जांच को बढ़ावा दिया है।
शायद अस्पताल इस बात का प्रमाण पत्र जारी करके सहयोग कर सकते हैं कि मरीजों को सांस लेने में कठिनाई इसलिए हुई है क्योंकि वे अनुमोदित सांख्यिकीय सीमा से अधिक हवा अंदर लेने पर अनुचित रूप से जोर दे रहे थे। लेकिन इस काल्पनिक मंत्री के कार्यालय में सबसे उपयोगी उपकरण न तो प्रदूषण निगरानी यंत्र है और न ही वायु शोधक। यह एक कैलकुलेटर है। ‘‘कितनी शिकायतें हैं?’’ वह पूछता है। ‘‘बहुत कम लोग हैं, महोदय। लोग अपनी रोजी-रोटी कमाने में व्यस्त हैं।’’ ‘‘शानदार। तो अब स्थिति नियंत्रण में है।’’ ध्यान दीजिए कि कैसे जीवन-मरण का संघर्ष आसानी से जन संतुष्टि का प्रमाण पत्र बन जाता है।
मजदूर धूल से अच्छी तरह वाकिफ है। वह इसे अपने कपड़ों पर घर ले जाता है। सड़क पर सामान बेचने वाली महिला धुएं से वाकिफ है। वह दिन भर उसी में खड़ी रहती है। उनकी समस्या यह है कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का मतलब एक वक्त का खाना छोड़ देना हो सकता है। गरीबी लोगों को प्रदूषण को समझने में असमर्थ नहीं बनाती। बल्कि यह शिकायत करने के उनके अधिकार का प्रयोग करना बेहद महंगा बना देती है। सत्ता के लिए यह कितना सुविधाजनक तरीका है! सीलबंद कार के अंदर मंत्री विकास पर चर्चा कर रहे हैं। बाहर, ‘मनमोहक दृश्यों’ वाले आलीशान आवासों का विज्ञापन करने वाले बैरिकेड के पास एक बच्चा खांस रहा है। इस बार, ब्रोशर का विवरण सटीक है। दृश्य वाकई मंत्रमुग्ध कर देने वाला है।
क्या स्वच्छ हवा को चुनावी मुद्दा बनाने से पहले किसी का सड़क किनारे गिर जाना जरूरी है? तब भी, मैं कल्पना कर सकता हूं कि कैसे राजनीतिक गद्दी चलने लगेगी। एक समिति इस बात की जांच करेगी कि क्या उस दुर्भाग्यपूर्ण नागरिक ने आधिकारिक श्वसन दिशा-निर्देशों का पालन किया था? एक विशाल तस्वीर के नीचे मुआवजे की घोषणा की जाएगी। उसके पीछे निर्माण कार्य जारी रहेगा। एक और होॄडग लगाने की जगह हमेशा रहती है, भले ही सांस लेने की भी जगह न हो। शायद आम आदमी को ‘मैं सांस नहीं ले पा रहा/रही हूं’ कहना बंद करके ‘मैं वोट नहीं दे पा रहा/रही हूं’ कहना शुरू कर देना चाहिए। देखिए मंत्री जी कितनी जल्दी अपनी खिड़की खोलते हैं। देखिए वह कितनी तत्परता से कार्रवाई की मांग करते हैं। जाहिर है, खतरे में पड़ा वोट सांस फूलने से भी तेज गति से फैलता है...!-दूर की कौड़ी राबर्ट क्लीमैंट्स