Edited By jyoti choudhary,Updated: 11 Mar, 2024 03:39 PM
अमेरिका में मुद्रास्फीति आंकड़े आने से पहले एशियाई प्रतिस्पर्धियों की सुस्त शुरुआत के बाद, भारतीय इक्विटी सूचकांक भी सोमवार को मामूली गिरावट के साथ खुले। इस दौरान एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस और टाटा स्टील के शेयरों में कमजोरी के साथ कारोबार होता दिखा।
नई दिल्लीः शेयर बाजार में आज यानी 11 मार्च को गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स 616.75 (0.83%) अंक की गिरावट के साथ 73,502.64 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 160 अंक की गिरावट रही। ये 22,332 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में गिरावट और 8 में तेजी देखने को मिली है। जियो फाइनेंस के शेयर में 6.83% की तेजी रही।
सोमवार को सुबह 9.24 बजे बीएसई सेंसेक्स 95 अंक या 0.13% की गिरावट के साथ 74,024 पर कारोबार करता दिखा। वहीं, निफ्टी50 14 अंक या 0.06% की गिरावट के साथ 22,479 पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील, पावर ग्रिड, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा और जेएसडब्ल्यू स्टील कटौती के साथ खुले, जबकि अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल और आईटीसी लाभ में रहे।
गुरुवार को मार्केट ने बनाया था ऑल टाइम हाई
इससे पहले 7 मार्च को शेयर बाजार ने ऑल टाइम हाई बनाया था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 74,245 का और निफ्टी ने 22,525 का लेवल छुआ। हालांकि, बाद में ये नीचे आया और सेंसेक्स 33 अंक की तेजी के साथ 74,119 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 19 पॉइंट की तेजी रही। ये 22,493 के स्तर पर बंद हुआ था।