Edited By ,Updated: 08 Apr, 2017 11:39 AM

शराब कारोबारी विजय माल्या को कर्ज देने वाले बैंकों ने स्टेट बैंक की अगुवाई में गोवा का किंगफिशर विला 73.01 करोड़ रुपए में बेच दिया।
मुंबईः शराब कारोबारी विजय माल्या को कर्ज देने वाले बैंकों ने स्टेट बैंक की अगुवाई में गोवा का किंगफिशर विला 73.01 करोड़ रुपए में बेच दिया। कई दौर की नीलामी प्रक्रिया के बावजूद खरीददार न मिलने की वजह से इसे बातचीत के जरिए कारोबारी और अभिनेता सचिन जोशी को बेच दिया गया। इससे पहले बैंकों ने इस विला के बेचने की 3 कोशिशें हुईं लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी थी।
जानिए कौन हैं सचिन जोशी जिसने खरीदा विला
32 साल के एक्टर की वैबसाइट पर उन्हें जेएमजे ग्रुप ऑफ कंपनीज का वाइस चेयरमैन बताया गया है। इस वैबसाइट में उनके बिजनैट इंट्रस्ट का जिक्र किया गया है, जिसमें फिटनेस सेंटर और हैल्थ स्पेस शामिल है। जोशी विकिंग मीडिया एंड एंटरटेन्मेंट के मालिक हैं, जिन्होंने अजान, मुंबई मिरर और जैकपॉट जैसी हिंदी फिल्में बनाई हैं। ये राजसी विला सी-फेसिंग हैं और गोआ के कैन्डोलिम में मौजदू है। इस विला को खरीदने के लिए उस वक्त आधा दर्जन मीडिया ग्रुप, हॉस्पीटैलिटी इंडस्ट्री के लोगों ने अपनी रुचि दिखाई थी जब इसे नीलामी से पहले निरीक्षण के लिए खोला गया था।
माल्या से 9000 करोड़ की रिकवरी होनी है
-17 बैंकों का कंसोर्टियम विजय माल्या से 9,000 करोड़ रुपए की रिकवरी करने में लगा हुआ है।
- इस नीलामी पर एस.बी.आई. के सीनियर ऑफिशियल्स की तरफ से अब तक कोई बयान नहीं आया है। विकिंग मीडिया के मालिक और एक्टर-प्रोड्यूसर सचिन जे. जोशी ने भी कोई बयान दिया है।
- बैंकों की ओर से मुंबई में मौजूद माल्या का किंगफिशर हाऊस भी बेचा जाना है।
सबसे पहले 85.29 करोड़ रखा गया था रिजर्व प्राइस
अक्तूबर 2016 में पहली बार इस विला का रिजर्व प्राइस 85.29 करोड़ रुपए रखा गया था। इसके बाद दिसंबर में 81 करोड़ रुपए की रिजर्व प्राइस के साथ 2 बार बोलियां लगवाई गईं। तीसरी बार मार्च 2017 में इसका रिजर्व प्राइस 73 करोड़ रुपए रखा गया। सरफेसी एक्ट के मुताबिक, अगर बैंक 2 बार नीलामी में विफल रहते हैं तो एसेट्स को प्राइवेट डील में बेचा जा सकता है। इस मामले में विकिंग मीडिया लास्ट रिजर्व प्राइस से 1 लाख रुपए ज्यादा देने के लिए तैयार था।