LPG Crisis: LPG की बढ़ी किल्लत, ₹5000 में बिक रहा ब्लैक सिलेंडर, कई रेस्टोरेंट बंद

Edited By Updated: 12 Mar, 2026 11:21 AM

lpg shortages are increasing black cylinders are selling for 5 000

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब राजधानी दिल्ली के होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी के चलते बुधवार को दिल्ली में कम से कम 12 रेस्टोरेंट और खाने-पीने की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।...

बिजनेस डेस्कः पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब राजधानी दिल्ली के होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी के चलते बुधवार को दिल्ली में कम से कम 12 रेस्टोरेंट और खाने-पीने की दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। सीमित गैस सप्लाई के कारण कई अन्य रेस्टोरेंट भी अपने संचालन को जारी रखने में मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर बेहद कम मात्रा में मिल रहे थे और अब कई जगहों पर स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है। इसी वजह से कई किचन बंद करने पड़े हैं। उद्योग से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में और भी रेस्टोरेंट प्रभावित हो सकते हैं।

इंडक्शन और इलेक्ट्रिक कुकिंग का सहारा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंडिगो हॉस्पिटैलिटी के संस्थापक अनुराग कटियार ने कहा कि कुछ रेस्टोरेंट वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर इंडक्शन या इलेक्ट्रिक कुकिंग का सहारा लेकर अगले एक-दो दिनों में दोबारा संचालन शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं।

ब्लैक मार्केटिंग के आरोप

इस बीच कुछ रेस्टोरेंट संचालकों ने गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग के आरोप भी लगाए हैं। एक रेस्टोरेंट मालिक ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गैस खत्म होने के कारण उन्हें भी अपना रेस्टोरेंट बंद करना पड़ा और ब्लैक मार्केट में एक सिलेंडर के लिए 5000 रुपए से ज्यादा कीमत मांगी जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आधिकारिक सप्लाई नहीं है तो बाजार में सिलेंडर कैसे उपलब्ध हो रहे हैं।

PNG सप्लाई में भी कटौती

संकट केवल एलपीजी तक सीमित नहीं है। कई रेस्टोरेंट पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पर भी निर्भर रहते हैं लेकिन उसमें भी कटौती की गई है। 

Indraprastha Gas Limited ने औद्योगिक और व्यावसायिक ग्राहकों को सलाह दी है कि उन्हें सामान्य खपत के मुकाबले फिलहाल करीब 80% गैस सप्लाई ही दी जाएगी।

गैस की कमी का असर दिल्ली के कई इलाकों में देखने को मिल रहा है। पहाड़गंज स्थित एक रेस्टोरेंट मालिक के अनुसार आमतौर पर उनके रेस्टोरेंट को रोजाना 3 से 4 एलपीजी सिलेंडर की जरूरत होती है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वे सिर्फ एक सिलेंडर से काम चला रहे थे और अब स्टॉक पूरी तरह खत्म हो गया है।

गैस की कमी का असर अन्य जगहों पर भी पड़ा है। दिल्ली हाई कोर्ट परिसर में वकीलों की कैंटीन में भी बुधवार को कुकिंग गैस खत्म होने के कारण मुख्य भोजन परोसना बंद करना पड़ा, हालांकि बाद में नई सप्लाई मिलने के बाद सेवाएं फिर शुरू कर दी गईं।

फिलहाल रेस्टोरेंट उद्योग से जुड़े लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी, जिससे कारोबार पर पड़ रहा दबाव कम हो सके।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!