Edited By Rohini Oberoi,Updated: 26 Jun, 2026 11:48 AM

झारखंड के रामगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां रजरप्पा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लारी-बरलौंग के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (NH-23) पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक और सवारी गाड़ी के बीच हुई...
Road Accident : झारखंड के रामगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां रजरप्पा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लारी-बरलौंग के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (NH-23) पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक और सवारी गाड़ी के बीच हुई इस जोरदार टक्कर में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना का शिकार हुए लोग बलसगरा और मरांगमरचा गांव के रहने वाले थे और एक म्यूजिकल बैंड/ताशा पार्टी से जुड़े हुए थे। वे सभी देर रात करीब 12 से 1:30 बजे के बीच एक कार्यक्रम से काम पूरा करके अपनी सवारी गाड़ी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान लारी के समीप गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि सवारी गाड़ी पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और रजरप्पा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तुरंत रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने 7 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में जीवित बचे एकमात्र व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है जिसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत रांची रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस के अनुसार जान गंवाने वाले लोगों में ज्यादातर रजरप्पा क्षेत्र के मारंगमार्चा गांव के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।