Edited By jyoti choudhary,Updated: 17 Sep, 2026 01:43 PM

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंकिंग क्षेत्र से परिवर्तनीय दर रिवर्स रेपो (VRRR) नीलामी के जरिये बृहस्पतिवार को 2.40 लाख करोड़ रुपए की नकदी जुटाई। केंद्रीय बैंक को 2,39,959 करोड़ रुपए की बोलियां मिलीं, जिन्हें उसने 5.24 प्रतिशत की 'कट-ऑफ' दर और भारित...
मुंबईः भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंकिंग क्षेत्र से परिवर्तनीय दर रिवर्स रेपो (VRRR) नीलामी के जरिये बृहस्पतिवार को 2.40 लाख करोड़ रुपए की नकदी जुटाई। केंद्रीय बैंक को 2,39,959 करोड़ रुपए की बोलियां मिलीं, जिन्हें उसने 5.24 प्रतिशत की 'कट-ऑफ' दर और भारित औसत दर पर पूरी तरह स्वीकार कर लिया। आरबीआई पिछले महीने से बैंकिंग प्रणाली में अतिरिक्त नकदी को कम करने और एक दिन की मुद्रा बाजार दरों को रेपो दर के अनुरूप करने के लिए विभिन्न वीआरआरआर नीलामियां कर रहा है।
बैंकिंग प्रणाली में 16 सितंबर तक करीब 7.38 लाख करोड़ रुपए की अतिरिक्त नकदी होने का अनुमान है। वीआरआरआर नीलामी के अलावा, केंद्रीय बैंक ने पिछले सप्ताह सरकारी प्रतिभूतियों की बिक्री के लिए एक लाख करोड़ रुपए की अधिसूचित राशि के तीन चरणों में खुले बाजार परिचालन (ओएमओ) की घोषणा की है। आरबीआई ने कहा कि पहला चरण 50,000 करोड़ रुपए का होगा, जो 17 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। वहीं 25,000 करोड़ रुपए के दो चरण क्रमशः 21 सितंबर और 28 सितंबर को आयोजित होंगे।