Edited By jyoti choudhary,Updated: 24 Jul, 2026 04:55 PM

रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे मजबूत होकर 96.55 (अस्थायी) पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप से रुपए को समर्थन मिला। हालांकि, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, विदेशी संस्थागत निवेशकों...
मुंबईः रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे मजबूत होकर 96.55 (अस्थायी) पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप से रुपए को समर्थन मिला। हालांकि, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली और घरेलू शेयर बाजार में कमजोर धारणा से रुपए पर दबाव बना रहा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया कमजोर रुख के साथ 96.81 प्रति डॉलर पर खुला।
कारोबार के दौरान यह 96.30 से 96.81 प्रति डॉलर के दायरे में रहा और अंत में पिछले बंद भाव के मुकाबले 18 पैसे की बढ़त के साथ 96.55 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ। रुपया बृहस्पतिवार को 20 पैसे की गिरावट के साथ 96.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और विदेशी निवेशकों की निकासी से रुपए पर दबाव बना हुआ है।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा कि शुक्रवार को रुपया दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास 96.55 प्रति डॉलर के स्तर पर कारोबार कर रहा था। उन्होंने कहा कि रुपए में और गिरावट रोकने के लिए आरबीआई के हस्तक्षेप की रिपोर्ट है। कुछ सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों द्वारा भी रुपए को स्थिर रखने के लिए डॉलर बेचने की बात सामने आई है। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने की स्थिति में रुपये पर दबाव बना रह सकता है। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें भी रुपए को प्रभावित कर सकती हैं, हालांकि दोनों देशों के बीच राजनयिक बातचीत से रुपए में तेज गिरावट रुक सकती है।
चौधरी ने कहा कि आरबीआई का हस्तक्षेप रुपये को निचले स्तर पर सहारा दे सकता है। उनके अनुसार, डॉलर के मुकाबले रुपया का हाजिर भाव 96.30 से 96.85 के दायरे में रह सकता है। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.38 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.4 डॉलर प्रति बैरल पर रहा, हालांकि यह 100 डॉलर के स्तर से ऊपर बना रहा। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ 331.62 अंक टूटकर 76,059.77 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 102.15 अंक की गिरावट के साथ 23,767.45 अंक पर रहा।