Edited By jyoti choudhary,Updated: 21 Oct, 2026 05:33 PM

रुपया बुधवार को 48 पैसे मजबूत होकर छह सप्ताह के उच्च स्तर 94.43 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज की इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) से जुड़े विदेशी मुद्रा प्रवाह और डॉलर की मांग को नियंत्रित करने के लिए भारतीय...
मुंबईः रुपया बुधवार को 48 पैसे मजबूत होकर छह सप्ताह के उच्च स्तर 94.43 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज की इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) से जुड़े विदेशी मुद्रा प्रवाह और डॉलर की मांग को नियंत्रित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हस्तक्षेप से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से रुपये पर दबाव बना हुआ है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.78 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 94.41 के उच्चस्तर तक गया और 94.82 के निचले स्तर तक आया। अंत में यह 94.43 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर रहा जो पिछले बंद भाव से 48 पैसे की बढ़त है। इससे पहले भारतीय मुद्रा चार सितंबर को इसी स्तर के आसपास बंद हुई थी। रुपया सोमवार को दो पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.91 पर बंद हुआ था। 'दशहरा' के कारण मंगलवार को विदेशी मुद्रा बाजार बंद थे।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ''आईपीओ से जुड़े विदेशी पूंजी प्रवाह और अमेरिकी डॉलर में अपेक्षाकृत कमजोरी से रुपया छह सप्ताह के उच्चस्तर पर पहुंच गया। हालांकि, घरेलू बाजारों में कमजोरी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने रुपए की तेज बढ़त को सीमित किया।'' उन्होंने कहा कि डॉलर में कुल मिलाकर कमजोरी और अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल में नरमी से रुपए में सकारात्मक रुख बने रहने के आसार हैं। चौधरी ने कहा, ''डॉलर के मुकाबले रुपए का हाजिर भाव 94.20 से 94.80 के दायरे में रह सकता है।''
गौरतलब है कि जियो प्लेटफॉर्म्स का 30,213 करोड़ रुपए का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम बुधवार को अभिदान के लिए खुला। यह आईपीओ 23 अक्टूबर को बंद होगा। 1,065 से 1,119 रुपए प्रति शेयर के मूल्य दायरे वाले इस निर्गम को खुलने के 100 मिनट के भीतर ही पूर्ण अभिदान मिल गया। इसके साथ ही यह अबतक का सबसे तेजी से पूरा अभिदान पाने वाला आईपीओ बन गया। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत चढ़कर 101.59 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 143.21 अंक फिसलकर 73,709.69 अंक पर जबकि निफ्टी 77.60 अंक टूटकर 22,811.35 अंक पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.99 प्रतिशत की बढ़त के साथ 110.96 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने सोमवार को शुद्ध रूप से 1,148.64 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।