दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग, किसी के हताहत होने की खबर नहीं

Edited By Updated: 26 Oct, 2026 12:02 PM

fire reported at north block in delhi fire tenders have reached the spot

राष्ट्रीय राजधानी में रायसीना हिल पर स्थित एक ऐतिहासिक प्रशासनिक इमारत, 'नॉर्थ ब्लॉक' में सोमवार सुबह आग लग गई। इससे आसमान में घना काला धुआं छा गया जिसके बाद दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आग को बुझा दिया गया है...

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में रायसीना हिल पर स्थित एक ऐतिहासिक प्रशासनिक इमारत, 'नॉर्थ ब्लॉक' में सोमवार सुबह आग लग गई। इससे आसमान में घना काला धुआं छा गया जिसके बाद दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत कार्रवाई की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आग को बुझा दिया गया है और किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। लाल बलुआ पत्थर से बनी इस इमारत के पीछे से सुबह के समय घना काला धुआं उठता दिखाई दिया, जिससे अंदर आग लगने की आशंका पैदा हो गई। 

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक वहां वेल्डिंग का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी पास रखे एक टैंक पर जा गिरी, जिससे आग लग गई। आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें नॉर्थ ब्लॉक के अंदर कहीं से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। अलर्ट मिलने के बाद स्थिति का जायजा लेने और आग बुझाने के लिए छह दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग छोटी थी और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि आग को बुझा दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के समय वहां कुछ आंतरिक तोड़-फोड़ (dismantling) का काम चल रहा था। यह घटना सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई, जब संसद जाते समय शिवसेना सांसद मिलिंद देवरा ने इमारत के पीछे से धुआं उठता देखा। 

मिलिंद देवरा ने 'X' पर पोस्ट किया, 'संसद जाते समय मैंने नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से घना धुआं उठता देखा। ऐसा लगता है कि वहां आग लगी है। उम्मीद है कि सभी सुरक्षित होंगे और आपातकालीन सेवाएं तेजी से काम कर रही होंगी।' रायसीना हिल पर स्थित नॉर्थ ब्लॉक, राष्ट्रीय राजधानी की प्रमुख सरकारी इमारतों में से एक है। इसमें केंद्र सरकार के कई महत्वपूर्ण कार्यालय हैं जिनमें गृह मंत्रालय और वित्त मंत्रालय शामिल हैं। इमारत से धुआं निकलते देख आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत कार्रवाई की। 

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वेल्डिंग के काम के दौरान निकली चिंगारी पास रखे एक टैंक के संपर्क में आ गई, जिससे यह आग लगी। नुकसान की सीमा, टैंक के अंदर मौजूद पदार्थ और आग लगने से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में और जानकारी अभी पता लगाई जानी बाकी है। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!