Edited By jyoti choudhary,Updated: 30 Jul, 2026 10:48 AM

रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 13 पैसे मजबूत होकर 95.63 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और विदेशी पूंजी प्रवाह से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी फेडरल
मुंबईः रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 13 पैसे मजबूत होकर 95.63 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और विदेशी पूंजी प्रवाह से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को यथावत रखने के बाद डॉलर सूचकांक में मजबूती के कारण रुपए की बढ़त सीमित रही। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.59 प्रति डॉलर पर खुला। बाद में कुछ बढ़त गंवाकर 95.63 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव की तुलना में 13 पैसे की बढ़त दर्शाता है।
रुपया बुधवार को छह पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.76 पर बंद हुआ था। इससे पहले मंगलवार को यह 17 पैसे की बढ़त के साथ 95.82 प्रति डॉलर पर रहा था। उससे पहले लगातार दो कारोबारी सत्रों में इसमें कुल 74 पैसे की मजबूती आई थी। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.79 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 44.77 अंक यानी 0.06 प्रतिशत चढ़कर 77,699.37 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 21.65 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,270.20 अंक पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.26 की गिरावट के साथ 89.60 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 2,981.87 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।