प्रतिष्ठा के पीछे न भागें, जीवन में निष्ठा को दें महत्व, मोरारी बापू ने समझाया सफलता का असली मंत्र

Edited By Updated: 22 Nov, 2026 12:25 PM

morari bapu mantra for success

आज के दौर में प्रतिष्ठा पाने और दूसरों के बीच अपनी पहचान बनाने की होड़ लगी है, लेकिन प्रतिष्ठा हमेशा व्यक्ति के वास्तविक गुणों का प्रमाण नहीं होती। कई बार व्यंग्य, डर और प्रलोभन के कारण भी लोगों को प्रतिष्ठा मिल जाती है।

Morari Bapu Mantra For Success ( प्रिया शर्मा) : आज के दौर में प्रतिष्ठा पाने और दूसरों के बीच अपनी पहचान बनाने की होड़ लगी है, लेकिन प्रतिष्ठा हमेशा व्यक्ति के वास्तविक गुणों का प्रमाण नहीं होती। कई बार व्यंग्य, डर और प्रलोभन के कारण भी लोगों को प्रतिष्ठा मिल जाती है। असली महत्व निष्ठा का है, क्योंकि वही व्यक्ति के चरित्र और व्यक्तित्व को गढ़ती है।  बापू नेए कहा कि प्रतिष्ठा का कोई मोल नहीं, सारा मोल निष्ठा का है। भारत स्वस्तिक यात्रा के आठवें पड़ाव कोलकाता में रामकथा सुनाते हुए मोरारी बापू ने यह बात कही। उन्होंने जीवन को सार्थक बनाने के लिए आठ प्रकार की निष्ठाओं का उल्लेख किया और कहा कि आश्रय, धैर्य और विवेक से निष्ठा परिपक्व होती है।

सत्य की कीमत चुकानी पड़ती है, फिर भी उसका रास्ता न छोड़ें

बापू ने कहा कि पहली निष्ठा सत्यनिष्ठा है। राजा हरिश्चंद्र का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि सत्य के लिए उन्हें काशी में बिकना पड़ा। सत्यनिष्ठा बहुत कठिन है। इसे अपनाने वाले व्यक्ति को सामाजिक व्यवस्था में कई तरह के नुकसान उठाने पड़ते हैं, लेकिन अंत में जीत हमेशा सत्य की ही होती है। जब सत्य विजयी होता है तो उससे एक अलग ही तेज पैदा होता है। बापू ने कहा कि जिसे भजन करना है, उसे जागृत होकर रहना पड़ेगा। किसी की प्रशंसा या आलोचना से अपने स्वभाव में बदलाव नहीं आने देना चाहिए।

गुरु की रज और मंत्र में भी छिपी है साधना की शक्ति

बापू ने आठ निष्ठाओं का विस्तार से वर्णन किया। पहली सत्यनिष्ठा, दूसरी गुरु निष्ठा और तीसरी मंत्र निष्ठा है। गुरु निष्ठा को समझाते हुए उन्होंने कहा कि जैसे सम्राट अपने राजकुमार के माथे पर तिलक लगाता है और सुहागन की मांग में पति के हाथ से सिंदूर सजता है, वैसे ही गुरु के चरणों की थोड़ी सी रज भी शिष्य को मिल जाए तो उसके लिए सबकुछ प्राप्त होने जैसा है। गुरु द्वारा दिया गया मंत्र भी बहुत कुछ कर सकता है।

किसी भी इष्ट और ग्रंथ को चुनने की स्वतंत्रता

चौथी निष्ठा इष्ट निष्ठा है। बापू ने कहा कि आध्यात्मिक परंपरा में मनुष्य किसी भी इष्ट देव को अपना आराध्य मानकर उनका ध्यान कर सकता है। पांचवीं ग्रंथ निष्ठा है। व्यक्ति को अपनी पसंद का ग्रंथ चुनकर उसका तत्परता से अध्ययन करना चाहिए। छठी भक्ति निष्ठा, सातवीं ध्यान निष्ठा और आठवीं प्रणाम निष्ठा है। उन्होंने कहा कि इन सभी निष्ठाओं को आश्रय, धैर्य और विवेक परिपक्व बनाते हैं।

दुश्मनों को क्षमा करें, विवाद की स्थिति में रहें मौन

बापू ने कहा कि हम बगावती नहीं, भागवती हैं। हम वैष्णव हैं। उन्होंने अपने दुश्मनों को भी क्षमा करने और वाद-विवाद की स्थिति में चुप रहने की सीख दी। कहा कि हरिनाम न हो तो विद्या विधवा है। ज्ञान निर्दोष, सरल और भोला होना चाहिए। रामचरितमानस की चौपाई 'ज्ञान मोक्ष प्रद वेद बखाना' का उल्लेख करते हुए उन्होंने ज्ञान को मोक्ष प्राप्ति का माध्यम बताया।

काली की शक्ति, रामकृष्ण की साधना और गंगा का आश्रय

कोलकाता की आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए बापू ने कहा कि ज्ञान, भक्ति, कर्म और शक्ति चारों कल्याण करने वाले तत्व हैं। कोलकाता में मां काली की शक्ति है और इन सभी के केंद्र में मां सुरसरि गंगा हैं। उन्होंने रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद और शारदा मां से जुड़े प्रसंग सुनाए। कहा कि परम साधु में हर साधना दिखाई देगी। विवेकानंद मां काली की कसौटी करते थे और उनसे बातचीत होती थी। रामकृष्ण परमहंस के जीवन में नारी तत्व की अनुभूति का उल्लेख करते हुए उन्होंने बंगाल की आध्यात्मिक परंपरा को नमन किया।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!