Edited By Niyati Bhandari,Updated: 29 Sep, 2026 10:47 AM

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार शहीद-ए-आजम भगत सिंह के सपनों के अनुरूप देश भक्ति, समानता, न्याय और जनकल्याण पर आधारित पंजाब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
चंडीगढ़ (स.ह.): मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार शहीद-ए-आजम भगत सिंह के सपनों के अनुरूप देश भक्ति, समानता, न्याय और जनकल्याण पर आधारित पंजाब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में भगत सिंह की जयंती पर आयोजित ‘जश्न-ए-इंकलाब’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शहीद भगत सिंह के सपनों को साकार कर रही है और उनके सम्मान में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
उन्होंने मोहाली एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने, मोहाली में 30 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने और सरकारी कार्यालयों में भगत सिंह व बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र लगाने का उल्लेख करते हुए कहा कि शहीदों की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटकड़ कलां में 52 करोड़ की लागत से शहीद-ए-आजम भगत सिंह हैरीटेज कॉम्प्लैक्स विकसित किया जा रहा है। इसमें पैतृक घर व उसकी प्रतिकृति, हैरीटेज स्ट्रीट, कोर्टरूम अनुभव, पुस्तकालय, संग्रहालयीय प्रदर्शनियां, मशाल गेट, राष्ट्रीय ध्वज क्षेत्र, ऑडिटोरियम, ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियां, पर्यटक सुविधा केंद्र, पार्किंग और लैंडस्केप क्षेत्र शामिल होंगे। इस परियोजना का उद्देश्य भगत सिंह के जीवन, विचारों, संघर्ष और बलिदान को ऐतिहासिक संदर्भों के साथ लोगों और विशेषकर युवाओं तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री के अनुसार परियोजना अंतिम चरण में है और इसे जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा।