रविवार दि॰ 01.04.18 को वैशाख मास प्रारंभ हो गया है। भारतीय काल गणना के अनुसार वैशाख हिन्दू वर्ष का दूसरा माह है। वैशाख मास में पवित्र सरिताओं में मुख्यतः नर्मदा व क्षिप्रा नदी में प्रातः काल में स्नान करने का शास्त्रों में विधान है। पद्म पुराण के अनुसार वैशाख मास में प्रात: स्नान करने पर अश्वमेध यज्ञ के समान फल मिलता है। वैशाख में ही भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था। वैशाख माह में दुर्गा के अपराजिता स्वरूप को कपूर व जटामासी से सुवासित जल से स्नान कराने का विधान है।
वैशाख मास में ही ब्रह्मदेव ने तिलों का निर्माण किया था। अतः इस माह में तिलों से युक्त जल से स्नान करके अग्नि में तिलों की आहुति देकर मधु व तिलों से भरा पात्र दान में दिया जाता है। यह मास परमेश्वर शिव व आद्या शक्ति को समर्पित है। वैशाख में अवंतिका अर्थात उज्जैन महाकालेश्वर वास का विशेष पुण्य कहा गया है। इस माह में कल्पवास, नित्य क्षिप्रा स्नान, शिव उपासना, स्वाध्याय, उपवास आदि के संकल्प के साथ तीर्थवास का महत्त्व है।
जो व्यक्ति बैशाख मास में नर्मदा या शिप्रा नदी के तट पर वास करता है, वह स्वत: शिवरूप हो जाता है। वैशाख मास के मध्य में सूर्य मेष में व चंद्रमा वृषभ राशि में स्थित होकर उच्च के होने से यह श्रेष्ठ समय माना गया है। चंद्रमा व सूर्य प्रधान ग्रहों की उच्च स्थिति होने से सभी स्थितियां अनुकूल होती हैं। इसके कारण वार, नक्षत्र, योग, करण आदि का दोष नहीं लगता। इस माह में विशेष शिव पूजन व्रत व उपाय से सर्व कार्यों में जीत मिलती है, सर्व रोगों का नाश होता है, पारिवारिक संबंध सुदृढ़ होते हैं।
पूजन विधि: प्रातः काल में शिवालय जाकर सर्वप्रथम शिवलिंग का जलाभिषेक करके उसका दशोपचार पूजन करें। केसर मिले गौघृत का दीप करें, चंदन से धूप करें, बिल्वपत्र और लाल रंग के फूल चढ़ाएं, चंदन से तिलक करें, दूध-शहद चढ़ाएं व मावे की मिठाई का भोग लगाएं तथा 1 माला इस विशिष्ट मंत्र की जपें। पूजन के बाद भोग कन्या को खिलाएं।
पूजन मंत्र: ॐ महाकालेश्वराय नम ॥
पूजन मुहूर्त: प्रातः 07:30 से प्रातः 08:30 तक।
उपाय
रोगों के नाश हेतु शिवलिंग पर दही-शक्कर का घोल चढ़ाएं।
सुदृढ़ पारिवारिक संबंधों हेतु मौली से शंकर-पार्वती का गठबंधन कराएं।
सर्व कार्यों में जीत हेतु शिवलिंग पर चढ़ी लौकी किसी गाय को खिलाएं।
आचार्य कमल नंदलाल
ईमेल: kamal.nandlal@gmail.com
हिंसा केवल शरीर से नहीं, हमारी वाणी से भी होती है
NEXT STORY