Edited By Prachi Sharma,Updated: 20 Oct, 2026 02:51 PM

Palash Sen on Daler Mehndi Controversy : हाल ही में अपने एक परफॉरमेंस को लेकर हुए विवाद और आलोचनाओं के बीच, गायक पलाश सेन अपने साथी संगीतकार दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए हैं। सेन ने कहा कि दलेर मेहंदी ने कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाया है
Palash Sen on Daler Mehndi Controversy : हाल ही में अपने एक परफॉरमेंस को लेकर हुए विवाद और आलोचनाओं के बीच, गायक पलाश सेन अपने साथी संगीतकार दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए हैं। सेन ने कहा कि दलेर मेहंदी ने कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाया है। दलेर का साथ देते हुए, पलाश ने एक भावुक नोट भी लिखा। उन्होंने दलेर को अपना भाई और एक महान कलाकार बताया, जिन्होंने अपना पूरा जीवन संगीत के जरिए लोगों में खुशियां बांटने के लिए समर्पित कर दिया है।
इंस्टाग्राम पर पलाश सेन ने लिखा, "प्रिय दलेर, दुनिया के लिए आप एक लेजेंड, एक पथप्रदर्शक और भांगड़ा के किंग हैं, जिन्होंने दुनिया भर के लाखों लोगों को खुशियां दीं और यादगार संगीत दिया। लेकिन मेरे लिए, आप बस मेरे भाई हैं—एक ऐसा इंसान जिसका दिल बहुत बड़ा और दयालु है, जितना शायद ही कोई कभी समझ पाए। उन्होंने आगे कहा, "आपको लेकर हो रही लगातार ट्रोलिंग और नकारात्मकता देखकर दुख होता है। इससे यह भी पता चलता है कि स्क्रीन के पीछे बैठे लोगों के लिए यह भूल जाना कितना आसान है कि उस मशहूर हस्ती के पीछे एक इंसान भी है। वे सिर्फ मीम्स और हेडलाइंस देखते हैं जबकि मैं एक ऐसे इंसान को देखता हूं जिसने अपना पूरा जीवन, अपनी मेहनत और अपनी आत्मा खुशियां फैलाने, संस्कृति को बढ़ावा देने और अपनी कला व समाज सेवा के जरिए लोगों की मदद करने में लगा दी है।
नोट में आगे लिखा है, "हर किसी के जीवन में कभी न कभी बुरा दिन आता है या कोई बीमार पड़ सकता है। बड़े-बड़े कलाकार भी बीमार हो सकते हैं, लेकिन वे अपने फैंस को निराश नहीं करना चाहते, इसलिए वे फिर भी आते हैं। आप वहां पहुंचे और अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की। लोग शायद आपका मजाक उड़ाएं, आलोचना करें या आपको जज करें, लेकिन कोई भी शोर आपकी विरासत, आपकी दयालुता या आपके उस गरिमापूर्ण व्यक्तित्व को मिटा नहीं सकता, जिसके साथ आप चलते हैं। आपने हमेशा हमें सिखाया है कि मुश्किलों का सामना प्यार, विश्वास और धैर्य के साथ कैसे करना चाहिए और आज भी, आपका जज्बा पूरी तरह अडिग है।
जो लोग तुरंत किसी को जज कर लेते हैं या उन पर हंसते हैं, उन्हें बता दूं कि हर मशहूर चेहरे के पीछे एक असली इंसान होता है। एक ऐसा इंसान, जिससे गलतियां हो सकती हैं और जो कमजोर भी हो सकता है। कृपया उसे हमेशा प्यार और सम्मान की नजर से देखें। वह हमारे देश की एक अनमोल धरोहर हैं। मेरे प्यारे वीर, मजबूत बने रहो। हालात तो आते-जाते रहते हैं, लेकिन प्यार, सम्मान और तुम्हारी विरासत हमेशा कायम रहती है। मैं तुम्हारे साथ खड़ा हूं और आज, कल, हमेशा तुमसे प्यार करता रहूंगा। P.S- दलेर पाजी शराब को हाथ भी नहीं लगाते। उन्होंने कभी नहीं पी, और कभी पिएंगे भी नहीं।
कैप्शन में पलाश ने लिखा, “सबसे दिलेर, मेरा भाई दलेर। किसी का मजाक उड़ाना आसान है, लेकिन दयालु, संवेदनशील और दूसरों के दुख-दर्द को समझने वाला इंसान बनना बहुत मुश्किल है।” हाल ही में दलेर मेहंदी तब चर्चा में आ गए, जब 18 अक्टूबर को कुंजापुरी मेले में उनके परफॉरमेंस के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उन्हें बीच में ही रोक दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नवरात्रि समारोह के दौरान मंच पर आने से पहले गायक ने शराब पी रखी थी।