Edited By Tanuja,Updated: 11 Nov, 2026 11:58 AM

इजरायल में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। गादी आइसेनकोट ने नेतन्याहू के भाषण से नाराज होकर लिकुड के साथ गठबंधन बैठक रद कर दी। उन्होंने नेतन्याहू को प्रधानमंत्री पद के अयोग्य बताया। आइसेनकोट को 67 सांसदों का समर्थन मिलने का दावा है।
Jerusalem: इजरायल में आम चुनाव के बाद नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की अपील के बीच विपक्षी नेता गादी आइसेनकोट ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आइसेनकोट की यशार पार्टी ने नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर बुधवार को होने वाली बैठक रद कर दी। आइसेनकोट ने नेतन्याहू के संसद में दिए गए भाषण को भ्रमपूर्ण, विभाजनकारी और नफरत फैलाने वाला बताते हुए कहा कि वह एक मिनट भी प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के लायक नहीं हैं।
नेतन्याहू के भाषण पर भड़के आइसेनकोट
इजरायल की 26वीं नेसेट (संसद) के शपथ ग्रहण समारोह में मंगलवार को नेतन्याहू ने राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की अपनी अपील दोहराई। हालांकि, इस दौरान उन्होंने उन विपक्षी नेताओं की आलोचना भी की, जो अरब बहुसंख्यक दलों के समर्थन से सरकार बनाने की संभावना तलाश रहे हैं। नेतन्याहू के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए आइसेनकोट ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ''मैंने निवर्तमान प्रधानमंत्री का भ्रमपूर्ण, बांटने वाला, नफरत भरा और शर्मनाक भाषण सुना। उन्होंने 26वीं नेसेट के शपथ ग्रहण समारोह जैसे राजकीय अवसर का गलत इस्तेमाल किया। मुझे अब पूरा यकीन हो गया है कि वह एक मिनट भी इस पद पर बने रहने के लायक नहीं हैं।'' उन्होंने कहा कि इजरायल को तत्काल राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार बनाने की दिशा में कदम उठाने चाहिए। उनके मुताबिक, नेतन्याहू का लगातार शासन देश को बांट रहा है और उसकी सुरक्षा को खतरे में डाल रहा है। उन्होंने विपक्षी नेताओं यायर लापिड, यायर गोलान, एविग्डोर लिबरमैन और नफ्ताली बेनेट से भी राजनीतिक जिम्मेदारी उठाने की अपील की।
लिकुड के साथ प्रस्तावित बैठक रद्द
आइसेनकोट की पार्टी यशार ने पहले घोषणा की थी कि सरकार गठन की कोशिशों के तहत उसकी बातचीत करने वाली टीम बुधवार को नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगी। 'द यरूशलम पोस्ट' के मुताबिक, पार्टी ने बयान जारी कर कहा कि नेसेट के सभी राजनीतिक गुटों के साथ ईमानदारी से बातचीत करने की पहल के तहत यह बैठक तय की गई थी। लेकिन संसद में नेतन्याहू के भाषण और उनके व्यवहार को देखते हुए आइसेनकोट ने अपनी टीम को बैठक रद करने का निर्देश दिया। यशार ने नेतन्याहू पर राष्ट्रीय एकता के बजाय अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया। पार्टी के अनुसार, उनका भाषण इस बात का एक और संकेत है कि वह इजरायलियों को एकजुट करने के इच्छुक नहीं हैं।
तन्याहू को अरब पार्टियों वाली सरकार पर ऐतराज
नेतन्याहू लगातार राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने की वकालत कर रहे हैं। उनका तर्क है कि ईरान के परमाणु खतरे समेत इजरायल के सामने मौजूद गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सभी राजनीतिक दलों को अपने मतभेद भुलाने चाहिए। हालांकि, उन्होंने अरब राजनीतिक दलों के समर्थन से सरकार बनाने की विपक्ष की संभावनाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने संसद में कहा कि क्या यहूदी विपक्षी नेता उन लोगों के समर्थन पर निर्भर रहने को तैयार हैं, जिनका मकसद कथित तौर पर यहूदी राष्ट्र को खत्म करना है? उन्होंने सोशल मीडिया पर भी राआम और जॉइंट लिस्ट के समर्थन से बनने वाली संभावित सरकार को खतरनाक बताया।
राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से अगली सरकार बनाने का जनादेश मिलने के बाद आइसेनकोट गठबंधन तैयार करने में जुटे हैं। उनके गुट को राआम और जॉइंट लिस्ट समेत 67 सांसदों का समर्थन मिलने का दावा किया गया है। 120 सदस्यों वाली इजरायली संसद में किसी भी दल को अपने दम पर स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है।
बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को 53, गादी आइसेनकोट के यशार गठबंधन को 48 सीटें मिली हैं डबकि सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत 61 होना चाहिए। आइसेनकोट के पास सरकार बनाने के लिए छह सप्ताह का समय है। यदि वह इस दौरान जरूरी समर्थन जुटाने में सफल रहते हैं, तो इजरायल में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहे नेतन्याहू का कार्यकाल समाप्त हो सकता है। यदि वह सरकार बनाने में नाकाम रहते हैं, तो राष्ट्रपति हर्जोग नेतन्याहू को एक बार फिर सरकार गठन का अवसर दे सकते हैं।