Edited By Rohini Oberoi,Updated: 24 Jul, 2026 11:28 AM

डिजिटल दुनिया में बच्चों और किशोरों की सुरक्षा को लेकर दुनियाभर के देशों ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में फ्रांस ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने के पक्ष में...
France Ban Social Media Under 15 : डिजिटल दुनिया में बच्चों और किशोरों की सुरक्षा को लेकर दुनियाभर के देशों ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में फ्रांस ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने के पक्ष में मतदान किया है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन (Emmanuel Macron) ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।
सोशल मीडिया की पोस्ट में उन्होंने सांसदों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा, मैंने इसका वादा किया था और अब इस पर वोटिंग हो गई है। स्कूल खुलने के समय से 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर रोक होगी। सांसदों का धन्यवाद।
अब संवैधानिक परिषद को इस पर फैसला लेना है और फिर इस कदम को हकीकत में बदलने और बच्चों को ऑनलाइन सुरक्षित रखने के लिए कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार इस कदम के साथ फ्रांस यूरोपीय संघ का पहला देश बन गया है जिसने उम्र की ऐसी सीमा तय की है। इससे पहले जून में यूनाइटेड किंगडम ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर रोक लगाने की घोषणा की थी।
पूर्व प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने एक वीडियो संदेश में इसे समय की ज़रूरत और देश के लिए एक बड़ा फैसला बताया था। उन्होंने वीडियो संदेश में कहा था कि कैसे सोशल मीडिया बच्चों को कभी न खत्म होने वाले स्क्रॉलिंग के चक्र में फंसा सकता है जिससे उनका खेलना-कूदना, सोना और परिवार के साथ बिताया जाने वाला समय प्रभावित होता है और उनके मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंच सकता है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक जून में ही जापान में एक सरकारी पैनल ने कम उम्र के सोशल मीडिया यूज़र्स की सुरक्षा के लिए सुझाए गए उपायों की सूची में सोशल मीडिया ऑपरेटरों की ज़िम्मेदारियों को मज़बूत करने की मांग की थी। इसमें उम्र की सख्त जांच और कुछ फीचर्स पर रोक लगाने जैसी बातें शामिल थीं। आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने पिछले साल ही 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूरी तरह रोक लगा दी थी। फिलहाल स्पेन और डेनमार्क जैसे अन्य देश भी इस फैसले पर विचार कर रहे हैं।