Edited By Pardeep,Updated: 17 Aug, 2026 11:48 PM

ग्रीस के पर्यटन द्वीप सिफनोस(Sifnos) से एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसे की खबर आई है। यहां सोमवार को एक निजी हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
इंटरनेशनल डेस्कः ग्रीस के पर्यटन द्वीप सिफनोस(Sifnos) से एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसे की खबर आई है। यहां सोमवार को एक निजी हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रीस के नेशनल ब्रॉडकास्टर ERT की रिपोर्ट के अनुसार, इस वीभत्स हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
हेलीपोर्ट के पास हुआ हादसा, लगी भीषण आग
स्थानीय दमकल विभाग (फायर सर्विस) से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर थोलोस (Tholos) इलाके में क्रैश हुआ, जहां इस द्वीप का प्रमुख हेलीपोर्ट स्थित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर के जमीन पर गिरते ही एक जोरदार धमाका हुआ और क्रैश साइट पर भीषण आग लग गई, जिससे चारों तरफ धुएं का गुबार उठने लगा।
राहत एवं बचाव कार्य जारी
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दमकल विभाग के ऑपरेशन सेंटर को स्थानीय समयानुसार शाम 6:17 बजे (1517 GMT) इस हादसे की रिपोर्ट मिली थी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम को तुरंत एक्शन में लाया गया। दो फायरफाइटर्स और एक दमकल गाड़ी को बिना समय गंवाए मौके पर भेजा गया, जो आग पर काबू पाने और बचाव कार्य में जुटे रहे।
हेलीकॉप्टर किन परिस्थितियों में क्रैश हुआ और इस हादसे के पीछे तकनीकी खराबी थी या मौसम की खराबी, इस बारे में फिलहाल कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है। ग्रीस के संबंधित अधिकारी हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुट गए हैं।