Edited By Pardeep,Updated: 13 Sep, 2026 05:00 AM

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य स्थित सेक्रामेंटो शहर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 38-वर्षीय भारतीय मूल की महिला शालिनी ठाकुर की एक 22-वर्षीय सिरफिरे आशिक ने दिनदहाड़े पीछा करके गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने...
सेक्रामेंटो: अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य स्थित सेक्रामेंटो शहर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 38-वर्षीय भारतीय मूल की महिला शालिनी ठाकुर की एक 22-वर्षीय सिरफिरे आशिक ने दिनदहाड़े पीछा करके गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पुलिस स्टैंडऑफ के दौरान खुद को भी गोली मारकर जीवन लीला समाप्त कर ली।
दिनदहाड़े रेस्तरां के बाहर हमला
अधिकारियों के अनुसार, यह वारदात सेक्रामेंटो के आर्डन-आर्केड क्षेत्र में हॉव एवेन्यू स्थित पैनेरा ब्रेड (Panera Bread) रेस्तरां के बाहर मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। शालिनी वहां वेट्रेस के रूप में काम करती थी। जब आरोपी ने हमला किया, तो शालिनी ने अपनी जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी रोहित रोहित (22) ने पीछा करते हुए उस पर कई गोलियां चलाईं। शालिनी के नीचे गिरने के बाद आरोपी ने बेहद करीब से उसके सिर में गोली मार दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस व मेडिकल टीम ने शालिनी को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया।
हाइवे पर पुलिस घेराबंदी और आरोपी की खुदकुशी
वारदात के बाद आरोपी अपनी कार से फरार हो गया। चश्मदीदों द्वारा दी गई गाड़ी की जानकारी को स्वचालित लाइसेंस प्लेट रीडर प्रणाली में दर्ज किया गया, जिससे कार की लोकेशन हाईवे 50 पर मिली। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपी ने हाईवे पर गाड़ी रोक दी। पुलिस अधिकारियों ने बख्तरबंद वाहन और ड्रोन के जरिए कार की जांच की, तो आरोपी ड्राइवर की सीट पर सिर में गोली लगे मृत अवस्था में मिला।
एक साल से कर रहा था पीछा, शादी का बना रहा था दबाव
शालिनी की मां सुदेश कुमारी के अनुसार, आरोपी पिछले लगभग एक साल से उनकी बेटी का पीछा (स्टॉकिंग) और उत्पीड़न कर रहा था। आरोपी शालिनी से शादी करना चाहता था, लेकिन उम्र में अंतर होने के कारण शालिनी ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया था। आरोपी रोहित एक गैर-दस्तावेजी अप्रवासी (undocumented immigrant) था और पूर्व में एरिज़ोना में हिरासत में लिया जा चुका था। दोनों की पहचान शालिनी के कार्यस्थल पर डोरडैश (DoorDash) पिकअप के दौरान हुई थी।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, सितंबर 2025 से आरोपी का उत्पीड़न बढ़ता चला गया। वह शालिनी के घर के बाहर घंटों खड़ा रहता, उसकी कार के टायर पंचर कर देता और लोकेशन ट्रैक करने के लिए गाड़ी के नीचे एप्पल एयरटैग (Apple AirTag) लगा देता था। इसके अलावा, उसने शालिनी के फ्लैट की चाबी बनाकर उसके सोते समय घर में प्रवेश भी किया था।
सुरक्षा आदेश (Restraining Order) का उल्लंघन
शालिनी ने आरोपी के खिलाफ कोर्ट से रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर हासिल किया था, जो 19 मई को आरोपी को तामील (serve) कराया गया था। इसके बावजूद उसने नियमों का उल्लंघन किया और जुलाई के अंत में शालिनी के घर के बाहर किराने का सामान छोड़ गया था।
मां से हुई आखिरी बातचीत
शालिनी की मां सुदेश कुमारी (जिनके पति का निधन दो साल पहले हो चुका है) ने बताया कि घटना से ठीक एक घंटे पहले दोपहर 1:58 बजे शालिनी की उनसे फोन पर बात हुई थी। शालिनी ने 15 मिनट में वापस कॉल करने को कहा था, लेकिन उसके बाद फोन नहीं आया। मां द्वारा भेजे गए "प्लीज कॉल मी" और "आई एम वॉरिड अबाउट यू" जैसे व्हाट्सएप मैसेज अनुत्तरित रह गए। फिलहाल अधिकारी इस हत्या, स्टॉकिंग और आरोपी की मौत से जुड़ी परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।