US-Iran War: अमेरिका की चौतरफा बमबारी से दहल उठा ईरान, 38 की मौत, 400 से ज्यादा घायल

Edited By Updated: 18 Jul, 2026 06:40 AM

massive devastation in us iran conflict 38 killed in us strikes

अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य जंग अब और ज्यादा खौफनाक और जानलेवा हो चुकी है। शुक्रवार (17 जुलाई 2026) को अमेरिकी वायुसेना द्वारा ईरान के कई राज्यों में किए गए भीषण हवाई हमलों में भारी तबाही मची है। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों...

US-Iran War : अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य जंग अब और ज्यादा खौफनाक और जानलेवा हो चुकी है। शुक्रवार (17 जुलाई 2026) को अमेरिकी वायुसेना द्वारा ईरान के कई राज्यों में किए गए भीषण हवाई हमलों में भारी तबाही मची है। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक इन ताजा हमलों में कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई है जबकि 400 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मंत्रालय ने कहा कि इन हमलों में आम नागरिकों के इस्तेमाल वाली सुविधाओं को निशाना बनाया गया, जिनमें पुल, बिजली की सुविधाएं और चाबहार के शहीद कलंतारी बंदरगाह का मैरीटाइम कंट्रोल टावर शामिल हैं।

ईरान की रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार देर रात से शुक्रवार सुबह तक हुए इन हमलों से होर्मोज़गन, बुशहर, सिस्तान-बलूचिस्तान, खुज़ेस्तान और लोरेस्तान प्रांतों के इलाके प्रभावित हुए। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मरने वालों में तीन महिलाएं और 18 साल से कम उम्र का एक व्यक्ति शामिल है जबकि 47 घायल लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। 

हमलों में चाबहार के शहीद कलंतारी बंदरगाह का मैरीटाइम कंट्रोल टावर भी नष्ट हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक बंदरगाह के बर्थ, कार्गो-हैंडलिंग सुविधाएं और अन्य ऑपरेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर सुरक्षित रहे और वहां किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने शुक्रवार (स्थानीय समय) को पुष्टि की कि उसने चाबहार में ईरान के शहीद कलंतारी बंदरगाह पर मौजूद सर्विलांस टावर को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया है। कमांड ने कहा कि यह सुविधा उस मैरीटाइम सर्विलांस नेटवर्क का हिस्सा थी जिसका इस्तेमाल ईरान का इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ओमान की खाड़ी में खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों की निगरानी के लिए करता था।

इस बीच, होर्मोज़गन प्रांत के अधिकारियों ने बताया कि कई जगहों पर हमलों के कारण भारी नुकसान हुआ है जिसमें खमीर काउंटी के छह पुल भी शामिल हैं। होर्मोज़गन के गवर्नर कार्यालय ने कहा कि इन हमलों में सात लोग मारे गए और 9 अन्य घायल हो गए। रिपोर्ट के अनुसार अधिकारियों ने बताया कि हमलों से बंदर अब्बास, बंदर खमीर और लार को जोड़ने वाले ट्रांसपोर्ट लिंक प्रभावित हुए जबकि इमरजेंसी टीमों ने वैकल्पिक रास्तों से आवाजाही बहाल करने का काम किया।

ईरानी अधिकारियों ने बंदर अब्बास में भी लोगों के हताहत होने की जानकारी दी और बताया कि एक रिहायशी इलाके में हमले के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। रिपोर्ट के मुताबिक प्रांतीय अधिकारियों ने बताया कि शहर में रेलवे का एक ब्रांच स्टेशन भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे दो लोग घायल हो गए। बुशेहर प्रांत में गवर्नर मोहम्मद मुज़फ्फरी ने बताया कि कुछ ही घंटों के भीतर दो हमले हुए जिनमें एक व्यक्ति घायल हो गया। खुज़ेस्तान प्रांत में, डिप्टी गवर्नर वलीओल्लाह हयाती ने कहा कि अमेरिकी सेना ने अहवाज़ के आस-पास के इलाकों को निशाना बनाया और अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं। 

ईरानी अधिकारियों ने पहले आरोप लगाया था कि अहवाज़ के पास हुए हमलों के कारण कैंसर के इलाज के लिए मशहूर शहीद बगाई अस्पताल को कुछ समय के लिए खाली करना पड़ा था। पश्चिमी ईरान के लोरेस्तान प्रांत में डिप्टी गवर्नर सईद पौरली ने बताया कि चेगेनी काउंटी के वेइसियन ज़िले में एक हमले की सूचना मिली है। ये घटनाक्रम तब सामने आया जब अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि उसने ईरान के खिलाफ कई बार हमले किए हैं जिनमें तटीय निगरानी प्रणालियों, वायु रक्षा स्थलों, लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर और समुद्री संपत्तियों जैसी सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाया गया।

ईरानी अधिकारियों ने अमेरिका पर आम नागरिकों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने का आरोप लगाया है जबकि वाशिंगटन का कहना है कि उसके अभियानों का मकसद ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमज़ोर करना और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरों का जवाब देना है। ईरान ने इस क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य संपत्तियों के खिलाफ जवाबी हमले करने की भी घोषणा की है और बहरीन, कुवैत, सीरिया और ओमान में अमेरिकी ठिकानों पर हमले करने का दावा किया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!