Edited By Tanuja,Updated: 21 Sep, 2026 04:34 PM

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 23 से 25 सितंबर तक डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर अमेरिका की राजकीय यात्रा करेंगे। दोनों नेताओं की शिखर वार्ता होगी। रिपोर्ट के अनुसार ट्रंप ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर शी की व्यक्तिगत अगवानी करेंगे। व्यापार, तकनीक, रणनीतिक...
Wasington: अमेरिका और चीन के बीच रिश्तों पर पूरी दुनिया की नजर के बीच चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग 23 से 25 सितंबर तक अमेरिका की राजकीय यात्रा करेंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की। मंत्रालय के मुताबिक शी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर अमेरिका जा रहे हैं।शी की इस यात्रा के दौरान उनकी ट्रंप के साथ शिखर वार्ता होगी। यह मुलाकात दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच व्यापार, आर्थिक संबंधों और रणनीतिक मुद्दों पर बातचीत के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
हांगकांग के साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, शी जिनपिंग के 23 सितंबर को वाशिंगटन पहुंचने पर ट्रंप ज्वाइंट बेस एंड्रयूज के हवाई अड्डे पर खुद उनकी अगवानी कर सकते हैं। एक अमेरिकी अधिकारी ने भी इस दुर्लभ स्वागत की पुष्टि की है। अमेरिकी राष्ट्रपति का किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष का एयरपोर्ट पर व्यक्तिगत रूप से स्वागत करना सामान्य परंपरा नहीं है। आम तौर पर विदेशी नेताओं का औपचारिक स्वागत व्हाइट हाउस में किया जाता है। ऐसे में एंड्रयूज पर ट्रंप की मौजूदगी इस यात्रा के औपचारिक महत्व को रेखांकित करती है।
मई में बीजिंग पहुंचे थे ट्रंप
शी और ट्रंप की इससे पहले मई 2026 में बीजिंग में मुलाकात हुई थी। ट्रंप ने 13 से 15 मई तक चीन की राजकीय यात्रा की थी। उस दौरान दोनों नेताओं ने अमेरिका-चीन संबंधों को आगे बढ़ाने और दोनों देशों के बीच मतभेदों को संभालने से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की थी। अब शी की अमेरिका यात्रा उस उच्चस्तरीय संपर्क को आगे बढ़ाने का अगला बड़ा चरण होगी। दोनों देशों के अधिकारी शिखर बैठक की तैयारियों में जुटे हैं और बातचीत के एजेंडे में आर्थिक तथा रणनीतिक मुद्दों के साथ कई संवेदनशील विषय शामिल होने की संभावना है। अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी, दुर्लभ खनिज, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर लंबे समय से मतभेद रहे हैं। ऐसे में ट्रंप और शी की बैठक में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने और विवादित मुद्दों को संभालने के तरीकों पर चर्चा महत्वपूर्ण होगी।