Edited By Tanuja,Updated: 12 May, 2026 07:08 PM

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि Iran “100 प्रतिशत” यूरेनियम संवर्धन रोक देगा और परमाणु हथियार बनाने की दिशा में आगे नहीं बढ़ेगा। हालांकि दोनों देशों के बीच बातचीत अभी भी गतिरोध में फंसी हुई है और तनाव लगातार बना हुआ है।
Washington: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (Donald Trump) ने कहा है कि ईरान (Iran) अंततः यूरेनियम संवर्धन पूरी तरह बंद कर देगा और परमाणु हथियार बनाने की कोशिश छोड़ने को मजबूर होगा। एक रेडियो कार्यक्रम में बातचीत के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि क्या ईरान को परमाणु बम बनाने से रोका जा सकता है। इस पर उन्होंने जवाब दिया, “100 प्रतिशत, वे इसे रोक देंगे।” ट्रंप ने कहा कि वह सीधे ईरानी अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ईरान परमाणु कार्यक्रम से जुड़े सभी खतरनाक तत्व अमेरिका को सौंप देगा।
उन्होंने कहा, “मैं खुद उनसे बात कर रहा हूं। वे कह रहे हैं कि हमें सब कुछ मिल जाएगा। मैं इसे ‘परमाणु धूल’ कहता हूं।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी साफ किया कि वॉशिंगटन किसी समझौते के लिए जल्दबाजी नहीं करेगा। उन्होंने कहा, “हम किसी जल्दबाजी में नहीं हैं। हमारे पास नाकेबंदी है।” यह बयान ऐसे समय आया है जब एक दिन पहले ही ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम “गंभीर संकट” में है।
उन्होंने ईरान के हालिया जवाबी प्रस्ताव को “पूरी तरह अस्वीकार्य” बताया था। दोनों देशों के बीच परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों और क्षेत्रीय तनाव को लेकर बातचीत फिलहाल गतिरोध में फंसी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका ईरान पर आर्थिक और सामरिक दबाव बनाए रखते हुए उसे परमाणु कार्यक्रम सीमित करने के लिए मजबूर करना चाहता है। वहीं ईरान लगातार अपनी शर्तों पर अड़ा हुआ है।