Edited By Ramkesh,Updated: 15 Oct, 2026 01:54 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लद्दाख में 3,350 करोड़ रुपये की पांच बड़ी विकास परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इससे केंद्र शासित प्रदेश की प्रगति को और बढ़ावा मिलेगा।
नई दिल्ली/लेह: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लद्दाख में 3,350 करोड़ रुपये की पांच बड़ी विकास परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इससे केंद्र शासित प्रदेश की प्रगति को और बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने लद्दाख में 3,350 करोड़ रुपये की पांच प्रमुख विकास परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन किया। ये परियोजनाएं क्षेत्र में कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी, ऊर्जा बुनियादी ढांचे में सुधार करेंगी, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करेंगी और जल सुरक्षा को बेहतर बनाएंगी।
प्राचीन विरासत के संरक्षण को मिलेगी मजबूती
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज लद्दाख के विकास और प्रगति में एक और अध्याय जुड़ रहा है। मुझे खुशी है कि मैं वर्चुअल माध्यम से इसका हिस्सा बन सका। आज लद्दाख में कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है। इससे लोगों के लिए यात्रा आसान होगी, बिजली की सुविधा बेहतर होगी, पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और हमारी प्राचीन विरासत के संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।" उन्होंने आगे कहा, "मैं अभी देख रहा था कि ज़ंस्कार में किस तरह बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के बीच भी, मैंने ज़ंस्कार के लोगों का उत्साह देखा, जो गर्व के साथ तिरंगा लहरा रहे थे। यही है मेरा लेह-लद्दाख।"
640 करोड़ रुपये की लागत से बनी नई यात्री टर्मिनल इमारत
प्रधानमंत्री ने लेह के कुशोक बकुला रिम्पोछे हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपये की लागत से बनी नई यात्री टर्मिनल इमारत का उद्घाटन किया। 23,800 वर्ग मीटर में फैला यह आधुनिक टर्मिनल सालाना 35 लाख यात्रियों को संभालने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
यात्री क्षमता को 10 लाख से बढ़ाकर 35 लाख करने की होगी क्षमता
लद्दाख के लोगों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "यह टर्मिनल हवाई अड्डे की वार्षिक यात्री क्षमता को 10 लाख से बढ़ाकर 35 लाख कर देगा।" उन्होंने बताया कि इस सुविधा में भू-तापीय ऊर्जा (जियोथर्मल एनर्जी) का उपयोग किया गया है, जिससे ऊर्जा दक्षता बढ़ेगी और कार्बन फुटप्रिंट कम होगा। यह लद्दाख के पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील पर्यावरण में टिकाऊ बुनियादी ढांचे के महत्व को दर्शाता है।
लद्दाख के लिए एक वैकल्पिक संपर्क मार्ग होगा
प्रधानमंत्री मोदी ने सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा निर्मित 298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दारचा सड़क को राष्ट्र को समर्पित किया। लेह में निम्मू को हिमाचल प्रदेश के दारचा से जोड़ने वाली यह सड़क, दुर्गम ज़ंस्कार घाटी से होकर गुजरती है। यह लद्दाख के लिए एक वैकल्पिक संपर्क मार्ग प्रदान करती है, जो श्रीनगर-लेह और मनाली-लेह राजमार्गों के पूरक के रूप में काम करता है।
'हानु लघु जलविद्युत परियोजना' का उद्घाटन किया
ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और लद्दाख की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता का उपयोग करने के प्रयासों के तहत, प्रधानमंत्री ने 9 मेगावाट की 'हानु लघु जलविद्युत परियोजना' और 66 kV डबल-सर्किट 'दाह-हानु-खालत्सी ट्रांसमिशन लाइन' का उद्घाटन किया। लद्दाख की प्राचीन पुरातात्विक विरासत को संरक्षित करने के महत्व को समझते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने लेह के सिंधु घाट पर भारत के पहले 'पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क' (प्राचीन शैल-चित्र संरक्षण पार्क) का भी उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री 'प्रोजेक्ट हिम सरोवर' के तहत 40 गांवों में विकसित 40 जल निकायों का भी उद्घाटन करेंगे। 'मिशन अमृत सरोवर' के उद्देश्यों के अनुरूप, इस पहल का लक्ष्य जल संरक्षण के माध्यम से लद्दाख की विशिष्ट भौगोलिक और जलवायु संबंधी चुनौतियों का समाधान करना है।