जर्मनी की इमारत में भयंकर आग से हड़कंप; 3 भारतीय छात्रों की मौत, मृतकों में दो महिलाएं

Edited By Updated: 15 Oct, 2026 12:03 PM

german police identify 3 indian nationals killed in bochum fire

जर्मनी के बोखुम शहर में आग लगने से दो छात्राओं समेत तीन भारतीय छात्रों की मौत हो गई। मृतकों की उम्र 25, 27 और 26 वर्ष थी। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की आशंका खारिज होने के बाद उसी इमारत में रहने वाले 41 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। आग की...

Berlin: जर्मनी में एक इमारत में आग लगने से तीन भारतीय छात्रों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। तीनों जर्मनी में पढ़ाई कर रहे थे। घटना नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया राज्य के बोखुम शहर में हुई। मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने उसी इमारत में रहने वाले 41 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर घटना की जानकारी दी। दूतावास के अनुसार, जर्मनी में भारतीय नागरिकों की मौत के बाद भारतीय दूतावास और फ्रैंकफर्ट स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों तथा मृतकों के परिजनों के संपर्क में हैं।


 
रिपोर्ट के मुताबिक, आग लगने की घटना में जान गंवाने वालों में 25 और 27 वर्ष की दो महिलाएं तथा 26 वर्ष का एक पुरुष शामिल है। तीनों भारतीय नागरिक थे और जर्मनी में पढ़ाई कर रहे थे। इस घटना से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भारतीय दूतावास ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। दूतावास ने कहा कि परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।समाचार एजेंसी अनादोलू के मुताबिक, पुलिस और अभियोजन अधिकारियों ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की। इसमें आग से जुड़े विशेषज्ञों की पड़ताल भी शामिल थी। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह मानने से इनकार किया गया। इसके बाद जांचकर्ताओं का ध्यान इमारत में रहने वाले एक 41 वर्षीय व्यक्ति की ओर गया, जिसे अस्थायी रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।

 

संदिग्ध से हत्या के मामलों की जांच करने वाली पुलिस टीम ने पूछताछ की है। बोखुम अभियोजन कार्यालय के निर्देश पर मामले की आगे की जांच जारी है। जर्मनी के सार्वजनिक प्रसारक एनडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, आग लगने से एक दिन पहले रविवार को विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस को उसी इमारत में बुलाया गया था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि इससे पहले भी वहां हुई घटनाओं के संबंध में पुलिस पहुंची थी। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि अब तक की जांच में पहले हुई घटनाओं और आग लगने की घटना के बीच कोई संबंध सामने नहीं आया है। 

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!