Edited By Punjab Kesari,Updated: 05 Jul, 2017 09:38 AM

दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों की शादी नहीं हो पा रही है और इसके पीछे की वजह है उनका कम वेतन।
नई दिल्ली: दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों की शादी नहीं हो पा रही है और इसके पीछे की वजह है उनका कम वेतन। विधानसभा में उपाध्यक्ष और मंगोलपुरी से विधायक राखी बिड़लान ने इसका जिक्र सोमवार को विधानसभा के सदन में किया। राखी ने जंगपुरा से विधायक प्रवीण कुमार की ओर इशारा किया था। हालांकि उनकी इस टिप्पणी के बाद सदन में बैठे अन्य विधायक अचानक ठहाके लगाने लगे। प्रवीण के अलावा देवली से विधायक प्रकाश जारवाल और खुद राखी बिड़लान की भी अब तक शादी नहीं हुई है।
विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने उनकी मांग ठुकरा दी। कम वेतन का मुद्दा पालम से विधायक भावना अरोड़ा ने भी उठाया। उन्होंने कहा कि सैलरी कम होने से खर्च निकाल पाना संभव नहीं हो पा रहा है। राखी ने बताया कि दिल्ली में विधायकों की सैलरी अन्य राज्यों की तुलना में कम है। विधायकों को 12 हजार रुपए ही बतौर बेसिक मिलते हैं। दिल्ली सरकार ने न्यूनतम मजदूरी भी बढ़ाकर 14,000 रुपए कर दी है। सभी भत्तों को मिलाकर कुल 52.53 हजार रुपए विधायकों के खाते में आते हैं। विधानसभा क्षेत्र में कई जगहों पर किराए के ऑफिस हैं। जनता के संग को-आर्डीनेट करने के लिए स्टाफ भी रखा हुआ है।