Edited By Rohini Oberoi,Updated: 05 May, 2026 09:19 AM

गुजरात के अहमदाबाद शहर से डिजिटल ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के जशोदानगर इलाके में रहने वाले एक बुजुर्ग कैटरिंग व्यवसायी 'हनीट्रैप' और ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गए। आरोपियों ने बुजुर्ग का अश्लील वीडियो बनाकर उनसे कुल 8.88 लाख...
Honeytrap Blackmailing Ahmedabad : गुजरात के अहमदाबाद शहर से डिजिटल ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के जशोदानगर इलाके में रहने वाले एक बुजुर्ग कैटरिंग व्यवसायी 'हनीट्रैप' और ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गए। आरोपियों ने बुजुर्ग का अश्लील वीडियो बनाकर उनसे कुल 8.88 लाख रुपये लूट लिए। इस मामले में अब पुलिस ने जालंधर और फिरोजपुर के तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सफर के दौरान हुई दोनों में बातचीत
जानकारी के लिए बता दें कि घटना की शुरुआत साल 2023 में हुई थी। बुजुर्ग व्यवसायी ट्रेन से पंजाब के जालंधर में एक धार्मिक कार्यक्रम में जा रहे थे। रास्ते में फिरोजपुर स्टेशन से निखिल खुराना नाम का युवक उनके बगल वाली सीट पर आकर बैठा। सफर के दौरान दोनों में बातचीत हुई और नंबरों का आदान-प्रदान हुआ। निखिल ने बुजुर्ग का भरोसा जीतने के लिए खुद को एक छात्र बताया जो विदेश जाने की तैयारी कर रहा है।
अश्लील वीडियो गुपचुप तरीके से किया रिकॉर्ड
निखिल ने अपनी मां की बीमारी और पढ़ाई के नाम पर बुजुर्ग से पहले 17 हजार रुपये की मदद ली। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने अपना असली रंग दिखाना शुरू किया। आरोपी ने पहले गलती का नाटक करते हुए बुजुर्ग को अपना एक नग्न वीडियो भेजा। सितंबर 2025 में आरोपी ने वीडियो कॉल कर बुजुर्ग को गंदी बातों में उलझाया और उन्हें उत्तेजित कर उनका अश्लील वीडियो गुपचुप तरीके से रिकॉर्ड कर लिया।
खुद को बताया क्राइम ब्रांच का प्राइवेट जासूस
वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद निखिल के भाई साहिल ने बुजुर्ग को फोन कर ब्लैकमेल करना शुरू किया। आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का प्राइवेट जासूस बताया और धमकी दी कि यदि 15 लाख रुपये नहीं दिए तो वीडियो उनके रिश्तेदारों को भेज दिया जाएगा और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। बदनामी के डर से बुजुर्ग ने टुकड़ों में आरोपियों को 8.88 लाख रुपये दे दिए। वहीं लगातार हो रही उगाही से तंग आकर बुजुर्ग ने साइबर हेल्पलाइन से संपर्क किया और बाद में खोखरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है:
निखिल खुराना
साहिल खुराना
राहुल
पुलिस की एक टीम पंजाब के लिए रवाना हो गई है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।