Edited By Radhika,Updated: 24 Jul, 2026 02:00 PM

जम्मू-कश्मीर में हो रही मूसलाधार बारिश, बाढ़ के खतरे और जगह-जगह भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने अमरनाथ, माता वैष्णो देवी और शिवखोड़ी धाम की पवित्र यात्राओं को फिलहाल रोक दिया है। इसके चलते 6000 से ज्यादा श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया...
Amarnath Vaishno Devi Yatra Suspended: जम्मू-कश्मीर में हो रही मूसलाधार बारिश, बाढ़ के खतरे और जगह-जगह भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने अमरनाथ, माता वैष्णो देवी और शिवखोड़ी धाम की पवित्र यात्राओं को फिलहाल रोक दिया है। इसके चलते 6000 से ज्यादा श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है।
सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए श्रद्धालु
सामने आई प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, जम्मू, कठुआ, सांबा, ऊधमपुर, रामबन और बनिहाल जैसे क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को ठहराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक मौसम ठीक नहीं हो जाता, तब तक श्रद्धालुओं को आगे न बढ़ने की सलाह दी गई है। यहीं पर उनके रहने, भोजन और अन्य बुनियादी जरूरतों का ध्यान प्रशासन द्वारा रखा जा रहा है।
लाखों श्रद्धालु कर चुके हैं बाबा बर्फानी के दर्शन
अमरनाथ यात्रा की शुरुआत से अब तक तकरीबन 3.91 लाख श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। फिलहाल बीती 19 जुलाई से मौसम खराब होने के कारण यात्रा रोक दी गई और लोगों को बेस कैंपों में ठहराया गया है।

वैष्णो देवी और शिवखोड़ी में भी खराब मौसम बना बाधा
माता वैष्णो देवी के लिए अर्धकुंवारी से भवन के बीच नए रास्ते पर भूस्खलन होने के कारण आवाजाही प्रभावित हुई है। वहीं दूसरी ओर रियासी जिले में स्थित शिवखोड़ी यात्रा को भी भारी बारिश और क्षतिग्रस्त रास्तों के कारण स्थगित कर दिया गया है।
प्रशासन ने की लोगों से खास अपील
श्राइन बोर्ड और प्रशासन द्वारा सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की गई है। साथ ही कहा गया है कि वे आधिकारिक दिशा-निर्देशों का पालन करें।