Edited By jyoti choudhary,Updated: 23 Jul, 2026 04:47 PM

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल से सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 363.66 अंक टूटकर 76,391.39 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 126.65 अंक फिसलकर 23,869.60 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स...
मुंबईः स्थानीय शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला बृहस्पतिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण कच्चे तेल के दाम में उछाल से मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 364 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी में 127 अंक की गिरावट आई।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 363.66 अंक यानी 0.47 प्रतिशत टूटकर 76,391.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 603.07 अंक लुढ़ककर 76,151.98 अंक तक आ गया था। वहीं, पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 126.65 अंक यानी 0.53 प्रतिशत टूटकर 23,869.60 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में अदाणी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, इंटरग्लोब एविएशन, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और टाटा स्टील के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी ओर महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), इटर्नल और बजाज फिनसर्व के शेयर लाभ में रहे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 4.52 प्रतिशत बढ़कर 98.32 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई।
ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि और वैश्विक स्तर पर एआई निवेश को लेकर फिर से बढ़ी चिंताओं ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 819.20 करोड़ रुपए के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में संभावित बाधाओं की आशंका के बीच कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने से निवेशकों की धारणा महंगाई और कंपनियों के मुनाफे पर पड़ने वाले असर से प्रभावित हुई है।''
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे। हालांकि, यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स बुधवार को 715.06 अंक और निफ्टी 191.45 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।