जनता ने की कांग्रेस की बोलती बंद: अमित शाह

Edited By Updated: 20 Aug, 2015 08:15 PM

article

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजस्थान निकाय चुनावों में पार्टी की शानदार जीत को कांग्रेस की विकास विरोधी और नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनादेश बताया है

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजस्थान निकाय चुनावों में पार्टी की शानदार जीत को कांग्रेस की विकास विरोधी और नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनादेश बताया है और कहा है कि जनता ने कांग्रेस के नेताओं को आईना दिखाने का काम किया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एक बयान में कहा कि यह जीत जनता द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लगातार विकास विरोधी और नकारात्मक एवं तथ्यविहीन आरोपों की राजनीति के खिलाफ दिया गया जनादेश हैं और जनता ने इस जीत के माध्यम से इन लोगों को सच्चाई का आईना दिखाने का काम किया है।   

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की देश के विकास और आर्थिक प्रगति में अवरोध उत्पन्न करने की नकारात्मक प्रवृत्ति के खिलाफ जनता में जनाक्रोश है और जनता आने वाले समय में कांग्रेस की इसी तरह से माकूल जवाब देती रहेगी। शाह ने कहा कि जनता की अदालत ने कांग्रेस द्वारा भाजपा के खिलाफ फैलाए जा रहे अनर्गल और तथ्यविहीन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है तथा सुशासन एवं विकास में अपनी निष्ठा जाहिर करते हुए फिर से भाजपा पर अपनी मुहर लगा दी है। 
 
उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में हाशिये पर खड़ी कांग्रेस को गंभीर आत्मचिंतन करने की जरूरत है। इस बीच, पार्टी के वरिष्ठ नेता और संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पार्टी मुख्यालय पर संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ झूठे तथ्यों के आधार पर दुष्प्रचार अभियान चलाया था जिसका इन राज्यों की जनता ने जवाब दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी की अब बोलती बंद हो गयी है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में अब सातों नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा हो गया है। नगर पालिका परिषदों में भी पार्टी ने अपना दबदबा स्थापित किया है। हाल में मध्य प्रदेश में भी भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था। इन नतीजों से साफ है कि मध्य प्रदेश और राजस्थान की सरकारें अच्छा काम कर रही हैं और जनता को पार्टी की विकास नीति पर भरोसा है। दोनों सरकारें संकल्प के साथ काम कर रही हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!