Edited By Rohini Oberoi,Updated: 12 Jun, 2026 12:40 PM

अगर आप एप्पल (Apple) का पुराना आईफोन मॉडल इस्तेमाल कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप की पैरेंट कंपनी 'मेटा' (Meta) ने साफ कर दिया है कि आगामी 30 नवंबर के बाद पुराने iOS वर्जन वाले आईफोन्स पर व्हाट्सऐप काम...
WhatsApp For iPhone : अगर आप एप्पल (Apple) का पुराना आईफोन मॉडल इस्तेमाल कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप की पैरेंट कंपनी 'मेटा' (Meta) ने साफ कर दिया है कि आगामी 30 नवंबर के बाद पुराने iOS वर्जन वाले आईफोन्स पर व्हाट्सऐप काम करना बंद कर देगा। कंपनी अब व्हाट्सऐप को चालू रखने के लिए नए और अपडेटेड सॉफ्टवेयर वर्जन को जरूरी बनाने जा रही है।
हालांकि राहत की बात यह है कि व्हाट्सऐप किसी भी आईफोन मॉडल के लिए अपना सपोर्ट पूरी तरह बंद नहीं कर रहा है बल्कि यूजर्स को सिर्फ अपना फोन सॉफ्टवेयर अपडेट करना होगा। व्हाट्सऐप वर्तमान में आईफोन के iOS 15.1 और उसके बाद के सभी नए वर्जन्स को सपोर्ट करता है लेकिन 30 नवंबर से iOS 15.1 का सपोर्ट खत्म हो जाएगा और व्हाट्सऐप चलाने के लिए फोन में कम से कम iOS 15.5 या उससे ऊपर का वर्जन होना अनिवार्य होगा। इस नए बदलाव का असर मुख्य रूप से इन आईफोन मॉडल्स पर पड़ेगा:
iPhone 6s और iPhone 6s Plus

iPhone SE (1st Generation)
iPhone 7 और iPhone 7 Plus
यदि आप इनमें से कोई भी मॉडल इस्तेमाल कर रहे हैं और आपका सॉफ्टवेयर पुराना है तो आपको तुरंत अपने फोन को iOS 15.8.3 (या उपलब्ध लेटेस्ट वर्जन) पर अपडेट करना होगा। इसके बाद आपके फोन में व्हाट्सऐप बिना किसी रुकावट के चलता रहेगा।

आईफोन को कैसे करें अपडेट?
अपने आईफोन के ऑपरेटिंग सिस्टम को अपडेट करना बेहद आसान है। आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:
सेटिंग्स खोलें: सबसे पहले अपने आईफोन की Settings में जाएं।
जनरल सेक्शन: इसके बाद General ऑप्शन पर क्लिक करें।
सॉफ्टवेयर अपडेट: यहां आपको Software Update का विकल्प दिखेगा, उस पर टैप करते ही नया उपलब्ध अपडेट स्क्रीन पर आ जाएगा। इसे डाउनलोड और इंस्टॉल कर लें।
आमतौर पर आईफोन नया अपडेट आते ही खुद नोटिफिकेशन भेजकर इसकी जानकारी देता है।

वहीं अक्सर देखा जाता है कि व्हाट्सऐप नए फीचर्स जोड़ने और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम का सपोर्ट बंद कर देता है लेकिन इस बार अच्छी बात यह है कि पुराने आईफोन यूजर्स को व्हाट्सऐप चलाने के लिए नया फोन खरीदने या पैसे खर्च करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। जिन भी डिवाइस में अभी iOS 15.1 चल रहा है उन सभी को आसानी से iOS 15.5 या उससे ऊपर के वर्जन पर अपडेट किया जा सकता है।
टेक एक्सपर्ट्स का भी मानना है कि साइबर क्राइम, हैकिंग और ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए अपने स्मार्टफोन के सॉफ्टवेयर और ऐप्स को हमेशा लेटेस्ट वर्जन पर अपडेटेड रखना चाहिए। इससे फोन सुरक्षित रहता है और नए फीचर्स का लाभ भी मिलता है।