दिल्ली को दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़, 7 गिरफ्तार

Edited By Updated: 16 Jun, 2026 09:05 PM

big conspiracy to terrorize delhi fails

दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सक्रिय पाकिस्तान से जुड़े कथित आतंकी और संगठित अपराध मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर सीमा पार बैठे आकाओं के इशारे पर दिल्ली-एनसीआर में हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी करने का...

नेशनल डेस्कः दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सक्रिय पाकिस्तान से जुड़े कथित आतंकी और संगठित अपराध मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर सीमा पार बैठे आकाओं के इशारे पर दिल्ली-एनसीआर में हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी करने का आरोप है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी अजमल गुज्जर के लिए काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गिरोह क्षेत्र में अवैध हथियार, कारतूस और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले मोहित उर्फ योगी (26), अनस उर्फ अनस त्यागी (26), दीपक अगरोला (38), आरिफ (30), जतन (29), साबिर (30) और पंजाब में फतेहगढ़ निवासी करनवीर सिंह (26) के तौर पर हुई है। जांचकर्ताओं ने यह भी पाया कि मॉड्यूल के सदस्यों ने दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में कई स्थानों की कथित तौर पर टोह ली थी, जिससे आपराधिक या आतंकवाद-संबंधी गतिविधियों को अंजाम देने की संभावित साजिश को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, मई में मिली खुफिया जानकारी से संकेत मिला कि भट्टी और गुज्जर स्थानीय गुर्गों के जरिए दिल्ली-एनसीआर में बड़ी आपराधिक और आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने जांच शुरू की और जाल बिछाया, जिससे गिरोह के एक प्रमुख सदस्य मोहित उर्फ योगी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने कहा कि मोहित के पास से अवैध हथियार और पाकिस्तान स्थित आकाओं के साथ उसके कथित संबंधों की ओर इशारा करने वाले डिजिटल सबूत बरामद किए गए हैं। पूछताछ और उसके बाद की जांच के दौरान, अधिकारियों ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक व्यापक नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोशल मीडिया मंचों का इस्तेमाल करके युवाओं को हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल किया और इसके लिए उन्हें जल्दी पैसे कमाने का लालच दिया।

पुलिस के अनुसार, गिरोह को पाकिस्तान से पंजाब में कथित तौर पर ड्रोन से गिराए गए हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप मिली। फिर इन खेपों को गुर्गों की एक श्रृंखला के माध्यम से दिल्ली-एनसीआर लाया गया। अभियान के दौरान पांच पिस्तौल, 41 कारतूस, सात मोबाइल फोन और एक एसयूवी कार बरामद की गई। पुलिस ने कहा कि अभियान ने कई संभावित आपराधिक और आतंकवाद-संबंधी साजिशों को विफल कर दिया और पाकिस्तान स्थित आकाओं द्वारा चलाए जा रहे साजो समान मुहैया कराने वाले अहम गिरोह को बाधित कर दिया।

पुलिस ने खुलासा किया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से कई के आपराधिक रिकॉर्ड हैं और वे हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, शस्त्र अधिनियम और मादक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम से संबंधित मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने कहा कि मॉड्यूल के अन्य सदस्यों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं, जिनमें फरार गुर्गों, हथियार आपूर्तिकर्ताओं और इसे वित्तपोषण करने के संदिग्ध व्यक्ति शामिल हैं। मॉड्यूल की पूरी गतिविधियों और पाकिस्तान स्थित आकाओं के साथ इसके संबंधों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!