Edited By Sanjeev,Updated: 24 Sep, 2026 12:40 PM

कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक 29 सितंबर को दिल्ली में होगी, जिसमें निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दे, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा किए जाने की संभावना है।
नई दिल्ली : कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक 29 सितंबर को दिल्ली में होगी, जिसमें निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दे, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा किए जाने की संभावना है।
सूत्रों ने बताया कि यहां आगामी मंगलवार को होने वाली बैठक में निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पार्टी की रणनीति तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श हो सकता है। निर्वाचन आयोग के भीतर मतभेदों की बात सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
अंग्रेजी दैनिक 'इंडियन एक्सप्रेस' की खबर में दावा किया गया है कि दो निर्वाचन आयुक्तों ने पिछले 10 महीनों में मतदाता सूची और SIR से जुड़े कुछ फैसलों पर 14 बार आपत्तियां दर्ज कराई थीं। आयोग का कहना है कि आंतरिक विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय और सुझाव सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं तथा उसके फैसले सर्वसम्मति से और स्थापित वैधानिक प्रक्रिया के तहत लिए गए हैं।
कांग्रेस ने इस मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगे की राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा किए जाने की संभावना है। कांग्रेस ने इससे पहले 19 अगस्त को हुई कार्य समिति बैठक में भी छात्रों से जुड़े मुद्दे और कुछ अन्य विषयों पर पर विस्तार से चर्चा की थी।